आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन पर दिया जोर

मुंगेली, 10 सितम्बर 2026/sns/- जिले में राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का 09 सितम्बर से सुचारू रूप से संचालन किया जा रहा है। पोषण एवं आहार विविधता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ अवसर पर जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण एवं कुपोषण उन्मूलन के संबंध में अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए शपथ दिलाई गई। शपथ के माध्यम से बच्चों, गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा किशोरी बालिकाओं में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने और कुपोषण की रोकथाम के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया गया। इसी क्रम में आज जिले की सभी परियोजनाओं एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में आहार विविधता एवं पर्याप्त प्रोटीन सेवन विषय पर विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। गतिविधियों के माध्यम से हितग्राहियों एवं समुदाय को संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
आंगनबाड़ी केंद्रों में मुनगा, पपीता, केला, नींबू सहित स्थानीय स्तर पर उपलब्ध फल एवं पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों के रोपण एवं उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही स्थानीय एवं आसानी से उपलब्ध खाद्य पदार्थों को दैनिक आहार में शामिल कर भोजन को अधिक पौष्टिक एवं संतुलित बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बताया कि विविधतापूर्ण आहार, पर्याप्त प्रोटीन एवं स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन स्वस्थ जीवन तथा कुपोषण की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं, बच्चों तथा किशोरियों के लिए संतुलित आहार और पोषण संबंधी जागरूकता को विशेष महत्व दिया गया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का इस वर्ष का केंद्रीय संदेश “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” है। केंद्र सरकार के अनुसार इस अभियान में आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन, ताजा एवं पौष्टिक भोजन तथा सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बताया गया कि पोषण माह के दौरान जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि पोषण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जा सके और सुपोषित मुंगेली एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

About The Author