स्कूली बच्चों को अग्निशमन एवं आपातकालीन बचाव का दिया गया प्रशिक्षण

कवर्धा, 11 सितंबर 2026/sns/- कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में अग्निशमन एवं आपातकालीन बचाव संबंधी जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज अग्निशमन रेस्क्यू टीम द्वारा स्वामी श्री करपात्री जी हाई सेकेंडरी स्कूल, कवर्धा एवं होली किंग्डम स्कूल, तारो, कवर्धा में विद्यार्थियों, शिक्षकों, वाहन चालकों, परिचालकों, स्कूल स्टाफ एवं अन्य नागरिकों को आग से बचाव एवं आपातकालीन स्थिति में सुरक्षा उपायों का प्रशिक्षण दिया गया। उक्त प्रशिक्षण महानिदेशक नगर सेना, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाएं तथा एसडीआरएफ एवं जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी श्री दिनेश कुमार रावटे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में स्वामी श्री करपात्री जी हाई सेकेंडरी स्कूल के 465 विद्यार्थी तथा होली किंग्डम स्कूल तारो के 275 विद्यार्थी सहित शिक्षकगण एवं स्कूल स्टाफ उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण के दौरान अग्निशमन रेस्क्यू टीम द्वारा आग के विभिन्न प्रकार, आग लगने के कारण तथा अलग-अलग प्रकार की आग को बुझाने की विधियों की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को विभिन्न प्रकार के अग्निशमन यंत्रों की जानकारी देते हुए यह बताया गया कि किस प्रकार की आग में किस अग्निशमन यंत्र का उपयोग किया जाना चाहिए। अग्निशमन यंत्रों के सही संचालन एवं उपयोग का मौके पर डेमो देकर अभ्यास भी कराया गया। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में यदि किसी कमरे के अंदर बच्चे फंस जाएं तो उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने, धुएं से बचाव करने तथा आग लगने की स्थिति में घबराने के बजाय सुरक्षित तरीके से बाहर निकलने के उपायों के संबंध में भी प्रशिक्षण दिया गया।

फायर उपकरणों के उपयोग का कराया गया डेमो

प्रशिक्षण के दौरान एबीसी, सीओटी, फोम, केमिकल, वाटर एवं सोडा-एसिड एक्सटिंग्विशर सहित विभिन्न अग्निशमन उपकरणों की जानकारी दी गई। इसके अलावा हाइड्रेंट, होजरील, डिलीवरी होज बॉक्स, शॉर्ट ब्रांच, फायर अलार्म, पानी एवं रेत से भरी बाल्टी, स्मोक डिटेक्टर आदि फायर उपकरणों के उपयोग के बारे में बताया गया। गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में किस प्रकार सावधानी बरतते हुए आग पर नियंत्रण पाया जा सकता है, इसकी जानकारी भी दी गई तथा मौके पर डेमो के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को अभ्यास कराया गया।

101 एवं 112 टोल फ्री नंबर के उपयोग की दी जानकारी

अग्निशमन टीम ने आगजनी अथवा किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए टोल फ्री नंबर 101 एवं 112 के उपयोग की जानकारी दी। साथ ही आपातकालीन स्थिति में सूचना देते समय घटना का स्थान एवं आवश्यक जानकारी स्पष्ट रूप से उपलब्ध कराने के संबंध में भी समझाइश दी गई।

अग्निशमन रेस्क्यू टीम ने दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रभारी श्री के.के. श्रीवास्तव (सहायक उप निरीक्षक), नायक श्री शशि कपूर झारिया, महिला सैनिक श्रीमती सुरेखा भारती, सैनिक श्री विकास तिवारी, श्री गजेन्द्र धुर्वे, श्री दीपक निषाद, चालक श्री सुरेन्द्र धुर्वे एवं फायरमैन श्री राजेश बघेल ने उपस्थित होकर अग्निशमन एवं आपातकालीन बचाव संबंधी प्रशिक्षण दिया तथा विभिन्न उपकरणों का सफल प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ को आग लगने की स्थिति में सतर्कता, प्राथमिक बचाव, सुरक्षित निकासी एवं अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

About The Author