अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, 33.84 लीटर शराब जब्त
दुर्ग, 16 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के दिशा-निर्देश एवं प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी श्री क्रिस्टोफर खलखो के मार्गदर्शन में आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में विभाग ने 11 एवं 12 सितंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 33.84 लीटर मदिरा जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
11 सितंबर को कार्रवाई के दौरान आरोपी अशोक कुमार, निवासी घोरानी, थाना रानीतराई, पाटन के कब्जे से 9 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा आरोपी मुकेश कुमार जोशी, निवासी ग्राम ओटेबंध, धमधा के कब्जे से 40 पाव देशी मदिरा मसाला शोले बरामद की गई। वहीं 12 सितंबर को आरोपी कान्हा चंद्राकर, निवासी ग्राम पचपेड़ी के कब्जे से 48 पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की रॉयल गोवा तथा आरोपी संजय सिंह ठाकुर, निवासी ग्राम सिरसाकला के कब्जे से 50 पाव विदेशी मदिरा व्हिस्की रॉयल गोवा जब्त की गई। जब्त रॉयल गोवा मदिरा गोवा राज्य में विक्रय हेतु अधिकृत है।
चारों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), 34(2) एवं 36 के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक अभिरक्षा में जेल दाखिल किया गया। प्रकरणों की विवेचना आबकारी उप निरीक्षक श्री अरविन्द कुमार साहू, श्री हरीश कुमार पटेल, श्री भोजराम रत्नाकर एवं श्रीमती कीर्ति ठाकुर द्वारा की जा रही है।