कमलेश्वरपुर जलाशय में सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता एवं जल संरक्षण कार्यक्रम आयोजित

अम्बिकापुर, 18 सितम्बर 2026/sns/-   सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संसाधन विभाग, संभाग क्रमांक-1, अम्बिकापुर द्वारा शुक्रवार को जनपद पंचायत मैनपाट के कमलेश्वरपुर जलाशय में स्वच्छता एवं जल संरक्षण संबंधी जल जन सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, जल संरक्षण एवं जल के सदुपयोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ सामुदायिक सहभागिता का संदेश दिया गया

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, स्वच्छता स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं कर्मचारियों ने स्वच्छता और जल संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। सभी ने अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने, स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा जल की प्रत्येक बूंद के महत्व को समझते हुए इसके संरक्षण एवं विवेकपूर्ण उपयोग के लिए लोगों को प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि जल जीवन का आधार है और इसके संरक्षण में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। वर्षा जल के संरक्षण, उपलब्ध जल स्रोतों की स्वच्छता तथा पानी के अनावश्यक अपव्यय को रोककर भविष्य के लिए जल की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसी तरह स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है, इसलिए सार्वजनिक एवं सामुदायिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सामूहिक जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को जल स्रोतों को स्वच्छ रखने, पानी का सदुपयोग करने और स्वच्छता संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं जल-सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

इस दौरान जनपद पंचायत के बीडीसी सदस्य, स्वच्छता स्व-सहायता समूह की दीदियां, जल संसाधन विभाग एवं जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author