सेवा संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय दुर्ग द्वारा विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से वृहद रक्तदान शिविरों की श्रृंखला आयोजित
दुर्ग, 19 सितंबर 2026/sns/- आम नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने तथा अस्पतालों में रक्त की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला चिकित्सालय दुर्ग द्वारा ’सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रक्तदान शिविरों की श्रृंखला आयोजित की जा रही है। इस रक्तदान अभियान का सफल शुभारंभ 1 से 7 सितंबर तक रूंगटा कॉलेज आर-2 परिसर में आयोजित शिविर (रूंगटा कॉलेज आर-2 द्वारा) तथा ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय दुर्ग में आयोजित शिविर (सेवा भारती द्वारा) के साथ हुआ, जो कि संपन्न हो चुके हैं। इसी क्रम में 6 से 12 सितंबर तक शासकीय नवीन कॉलेज बोरी में शासकीय नवीन कॉलेज बोरी दुर्ग द्वारा तथा 11 सितंबर को ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय दुर्ग में श्री जलाराम रिसाइकल ट्रस्ट क्लब दुर्ग द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वहीं 19 सितंबर को नवदृष्टि फाउंडेशन द्वारा ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय दुर्ग में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।
आगामी शिविरों की श्रृंखला में 21 से 26 सितंबर तक कल्याण सोशल वेलफेयर एंड रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन भिलाई में कल्याण सोशल वेलफेयर द्वारा, 24 सितंबर को जामुल में संत निरंकारी चौरिटेबल फाउंडेशन द्वारा, तथा 26 से 30 सितंबर तक ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय दुर्ग में सुराना कॉलेज दुर्ग एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी संघ द्वारा शिविर आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में अक्टूबर माह में भी विभिन्न शिविरों का आयोजन होगा, जिनमें 5 से 10 अक्टूबर तक पं. दीनदयाल उपाध्याय विचार प्रकाशन सेवा समिति द्वारा ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय दुर्ग में तथा सी.एस.आई.टी. परिसर में सी.एस.आई.टी. दुर्ग द्वारा शिविर लगाए जाएंगे। 7 अक्टूबर को एम.जे. कॉलेज परिसर में एम.जे. कॉलेज कोहका द्वारा, 12 से 17 अक्टूबर तक चर्च परिसर में छ.ग. क्रिस्चियन फेलोशिप भिलाई द्वारा एवं सेक्टर 05 भिलाई में बी.एस.पी. एस.टी. कर्मचारी कल्याण एसोसिएशन द्वारा आयोजन होगा। इसके पश्चात 18 से 25 अक्टूबर तक अग्रवाल यूथ क्लब द्वारा, 25 अक्टूबर को शदाणी सेवा मंडल द्वारा, 27 अक्टूबर को ताम्रकार युवक समाज द्वारा तथा 25 से 30 अक्टूबर तक वैष्णव ढीमर समाज द्वारा ब्लड बैंक जिला चिकित्सालय दुर्ग में रक्तदान शिविर संपन्न होंगे। इन सभी 18 शिविरों के माध्यम से विभिन्न आयोजक संस्थाओं के सहयोग से लगभग 1,000 से अधिक रक्तदाताओं द्वारा स्वेच्छा से रक्तदान किए जाने की संभावना है।