प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना बनी मंजू के लिए संबल

राजनांदगांव, 20 सितम्बर 2026/sns/- प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना जरूरतमंद गर्भवती महिलाओं के लिए आर्थिक संबल बन रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाली सहायता से महिलाएं गर्भावस्था के दौरान अपने स्वास्थ्य और पोषण का बेहतर ध्यान रख पा रही हैं। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना लाल बहादुर नगर निवासी श्रीमती मंजू रजक के लिए ऐसे समय में मददगार साबित हुई, जब पहली बार मां बनने के दौरान वह अपने और होने वाले बच्चे के स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर चिंतित थीं।
श्रीमती मंजू रजक साधारण परिवार से हैं। उनके पति श्री किशोर रजक मजदूरी का कार्य करते हैं और उनकी आय से ही परिवार का भरण-पोषण होता है। उन्होंने बताया कि पहली बार मां बनने की खुशी के साथ मन में कई तरह की चिंताएं भी थीं। गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार और बेहतर देखभाल के लिए होने वाले अतिरिक्त खर्च से चिंतित थी। इसी दौरान उनकी मुलाकात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती रूखमणी उइके से हुई। उन्होंने मंजू को प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना की जानकारी दी और आंगनबाड़ी केन्द्र में पंजीयन कराया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना अंतर्गत प्रसव पूर्व जांच एवं आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंजू को पहली किश्त के रूप में 3 हजार रूपए की सहायता राशि प्राप्त हुई। आर्थिक सहायता मिलने से अपने पोषण पर विशेष ध्यान देना शुरू किया। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लगातार संपर्क में रहीं और समय-समय पर स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी देती रही। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा गर्भावस्था के दौरान नियमित स्वास्थ्य का ध्यान रखा गया और आवश्यक जांच कराई गई। इसके बाद उन्होंने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बच्चे के जन्म के बाद भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बच्चे के स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण को लेकर आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया। बच्चे का टीकाकरण पूरा होने के बाद मंजू को योजना की दूसरी किश्त के रूप में 2 हजार रुपए की सहायता राशि प्राप्त हुई। वह इस राशि का उपयोग बच्चे के स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना से उन्हें गर्भावस्था के दौरान आर्थिक सहायता के साथ-साथ स्वास्थ्य और पोषण के संबंध में सही मार्गदर्शन मिला। जिसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु भैया का तहे दिल से धन्यवाद दिया।

About The Author