115 बच्चों ने रंगों में उकेरा ‘मेरे सपनों का भारत’, 20 विद्यार्थियों ने भाषण के माध्यम से रखे विचार

सुकमा, 18 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत निर्धारित ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल पावारास में विद्यालय स्तरीय चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। चित्रकला प्रतियोगिता में 115 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर ‘मेरे सपनों का भारत’, ‘विकसित भारत’ और ‘स्वच्छ भारत’ जैसे विषयों पर अपनी कल्पनाओं को रंगों के माध्यम से कागज पर उकेरा। प्राथमिक कक्षाओं के नन्हे विद्यार्थियों ने भी पूरे उत्साह से सहभागिता करते हुए विज्ञान एवं गणित के छोटे-छोटे मॉडल तैयार किए।
वहीं भाषण प्रतियोगिता में 20 विद्यार्थियों ने हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा में आत्मविश्वास और ओजपूर्ण अभिव्यक्ति के साथ अपने विचार रखे। मिडिल, हाई एवं हायर सेकंडरी के विद्यार्थियों ने नक्सलवाद, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मेरे सपनों का भारत, सेना का शौर्य, नया कश्मीर और विकसित भारत जैसे विषयों पर प्रभावशाली भाषण दिए। कुल 135 विद्यार्थियों की सहभागिता ने आयोजन को खास बना दिया और बच्चों की रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति उनकी सोच को मंच प्रदान किया।
  सेजेस विद्यालय सुकमा की प्राचार्या श्रीमती ट्रिजा दास, प्रधान अध्यापक श्री अबलम बघेल, प्रधान पाठिका श्रीमती दीपिका खलखो एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन किया। शिक्षकों ने बच्चों की प्रतिभा और रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी कल्पनाओं को साकार करने के साथ भविष्य के भारत के प्रति अपनी सोच व्यक्त करने का अवसर प्रदान करते हैं।

About The Author