स्वच्छता ही सेवा के अंतर्गत गांवों में चलेगा व्यापक सफाई अभियान, जनभागीदारी से होगा श्रमदान

सुकमा, 21 सितम्बर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशानुसार जिला सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सुकमा में ग्राम पंचायत सचिवों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में “स्वच्छता ही सेवा 2026” अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले की ग्राम पंचायतों में व्यापक स्वच्छता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए गए। सचिवों को ग्राम पंचायतों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट से प्रभावित स्थानों को स्वच्छता लक्षित इकाई के रूप में चिन्हांकित कर सफाई की तिथि एवं समय निर्धारित करने तथा मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को जानकारी देकर सामूहिक जनभागीदारी और श्रमदान से स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
जिला सीईओ ने ग्रामों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा ग्राम पंचायत क्षेत्र की सभी शालाओं और आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर वहां व्यापक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित करने पर जोर दिया। ग्रामीणों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए स्थानीय बोली में तैयार किए गए ऑडियो रिकॉर्ड संवाद का ग्रामों में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि स्वच्छता का संदेश स्थानीय स्तर पर प्रभावी ढंग से हर परिवार तक पहुंच सके। अभियान के माध्यम से गांवों में स्वच्छता को केवल एक गतिविधि नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ी सामूहिक जिम्मेदारी और स्थायी व्यवहार के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
बैठक में सीईओ जनपद पंचायत सुकमा श्री सुमित ध्रुव, जनपद सीईओ कोंटा श्री गौतम गहिर, जनपद सीईओ छिंदगढ़ श्री पी.के. गुप्ता सहित जिला एवं जनपद पंचायत तथा ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author