रायगढ़ में हाईटेक आधार सेवा केंद्र शुरू, वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने किया शुभारंभ
रायगढ़, 21 सितम्बर 2026/sns/- शहरवासियों को आधार से जुड़ी सेवाएं सहज और सुविधाजनक रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ढिमरापुर रोड स्थित बिजनेस हब कॉम्प्लेक्स के ग्राउंड फ्लोर में नए हाईटेक आधार सेवा केंद्र की शुरुआत हुई। वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।
शुभारंभ के बाद वित्त मंत्री श्री चौधरी और महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने केंद्र का निरीक्षण किया तथा यहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर यूआईडीएआई हैदराबाद के डायरेक्टर श्री रामकृष्ण तम्मीसेट्टी एवं बीएलएस इंटरनेशनल के अधिकारी उपस्थित रहे।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि हाईटेक आधार सेवा केंद्र शुरू होने से रायगढ़ के नागरिकों को आधार संबंधी कार्यों के लिए दूर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने में भी सुविधा होगी। केंद्र में नए आधार का नामांकन, बच्चों एवं वयस्कों का आधार नामांकन, बायोमेट्रिक अपडेट, फोटो एवं फिंगरप्रिंट अपडेट, आइरिस स्कैन सहित नाम, पता, मोबाइल नंबर और जन्मतिथि जैसी जनसांख्यिकीय जानकारी में संशोधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। आधार दस्तावेजों के सत्यापन एवं अपलोड का कार्य भी यहां किया जा सकेगा।
महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने कहा कि हाईटेक आधार सेवा केंद्र शहरवासियों के लिए उपयोगी सुविधा साबित होगा। यहां आधार से जुड़े विभिन्न कार्य एक ही स्थान पर कराए जा सकेंगे। केंद्र रविवार को भी खुला रहेगा, जिससे नौकरीपेशा एवं सरकारी कर्मचारियों सहित अन्य नागरिकों को अपनी सुविधा के अनुसार आधार संबंधी कार्य कराने में सहूलियत होगी। शुभारंभ अवसर पर आधार सेवा केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।