खाद्य विभाग द्वारा नैमेड़ के किराना दुकानों में दबिश
बीजापुर, 21 सितम्बर 2026/sns/- नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार तथा अभिहीत अधिकारी श्री डी के देवांगन के मार्गदर्शन में जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अंकित गुप्ता द्वारा नैमेड़ के किराना दुकानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को अपने खाद्य परिसर में खाद्य सामाग्रियों को व्यवस्थित ढंग से रखने एवं दुकान के अंदर व बाहर साफ-सफाई रखने हेतु निर्देशित किया गया। खाद्य अनुज्ञप्ति को दुकान में चस्पा कर प्रदर्शित करने हेतु निर्देशित किया गया साथ ही खाद्य सामाग्रियों के जांच हेतु नमूने लिये गए। मेसर्स बजरंग किराना स्टोर्स से सेंधा नमक, चाय पत्ती, जीरा, राईस ब्रॉन तेल और टोस्ट का नमूना लिया गया तथा श्री राम किराना स्टोर्स से निरमा शूद्ध नमक, सोन पापड़ी और फरसान आटा का नमूना लिया गया। सभी खाद्य नमूनों को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला रायपुर भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट आने पर आगे की कार्यवाही की जावेगी।