सेवा संकल्प अभियान के तहत सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता आयोजित
अम्बिकापुर, 22 सितम्बर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में जनसहभागिता के साथ विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शासकीय राजीव गांधी महाविद्यालय, अम्बिकापुर के खेल मैदान में सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं ने खेल भावना के साथ आपसी सद्भाव, अनुशासन, टीम भावना और एकता का संदेश दिया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ नगर निगम अम्बिकापुर के सभापति श्री हरमिन्दर सिंह टिन्नी ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ अनुशासन और सामूहिकता की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम बताया।
पांच टीमों ने दिखाया मैदान में दमखम
सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता में खेलो इंडिया सेंटर, दशमेश पब्लिक स्कूल, गंझाडाड़, सेंट जॉन्स पब्लिक स्कूल एवं लक्ष्य एकेडमी अम्बिकापुर सहित कुल पांच टीमों ने भाग लिया। खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ मैदान में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला दशमेश पब्लिक स्कूल अम्बिकापुर और गंझाडाड़ की टीम के बीच खेला गया, जिसमें गंझाडाड़ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। विभिन्न मुकाबलों के बाद खेलो इंडिया सेंटर और गंझाडाड़ की टीमों ने फाइनल में जगह बनाई।
गंझाडाड़ ने 2-0 से जीता फाइनल मुकाबला
फाइनल मुकाबले में गंझाडाड़ की टीम ने खेलो इंडिया सेंटर के विरुद्ध बेहतर तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए 2-0 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया। खेलो इंडिया सेंटर की टीम उपविजेता रही।
समापन अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से विजेता गंझाडाड़ और उपविजेता खेलो इंडिया सेंटर की टीम को स्मृति चिन्ह स्वरूप ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना को जीवन में अपनाने और निरंतर अभ्यास के माध्यम से अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया।
सेवा संकल्प अभियान में खेलों के माध्यम से जनसहभागिता का संदेश
17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न जनसहभागिता आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। सद्भावना फुटबॉल प्रतियोगिता भी इसी कड़ी का हिस्सा रही, जिसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली, टीम भावना, अनुशासन और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया। इस अवसर पर सहायक संचालक श्री राम कुमार, जिला शिक्षा क्रीड़ा अधिकारी श्री विकास सिंह, कन्या क्रीड़ा परिसर के खेल अधिकारी श्री आनंदधर दीवान सहित खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।