शिक्षा-स्वास्थ्य से अधोसंरचना तक विकास को नई रफ्तार

सुकमा, 22 सितम्बर 2026/sns/- जिले में विकास कार्यों को गति देने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने जिला प्रशासन ने शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना को प्रमुख प्राथमिकताओं में रखा है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में कलेक्टर श्री अमित कुमार ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और अभियानों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जनहित से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के साथ आयुष्मान कार्ड, वय वंदन कार्ड और टीबी मुक्त पंचायत अभियान के लक्ष्यों को तेजी से पूरा करने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए अस्पताल में प्रसव के बाद नवजात के जन्म प्रमाण पत्र तत्काल जारी करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा छात्रावासों में आरओ पेयजल, स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन, स्वच्छ शौचालय और मच्छरों से बचाव की समुचित व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने शाला त्यागी एवं अप्रवेशी बच्चों की पहचान कर उन्हें ब्रिज कोर्स के माध्यम से शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के निर्देश दिए। आगामी शिक्षा सत्र की तैयारियों के साथ जगरगुंडा एजुकेशन सिटी, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, साइंस पार्क और आंगनबाड़ी भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। वहीं ग्रामों में निर्माणाधीन सुशासन परिसरों सहित विभिन्न विकास परियोजनाओं में तेजी लाने और उनकी गुणवत्ता की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। शिक्षा, स्वास्थ्य और बाल कल्याण से जुड़े कार्यों में समयबद्धता को प्रशासन ने प्रमुख आधार बनाया है।
अधोसंरचना और आवास निर्माण को लेकर भी प्रशासन ने मॉनिटरिंग मजबूत करने के निर्देश दिए। पीएम आवास निर्माण एवं जियो टैगिंग के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के साथ सभी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की सतत समीक्षा कर उनकी जमीनी प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंच सके। बैठक में जिला सीईओ श्री मुकुंद ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

About The Author