जिले में 01 से 16 अक्टूबर तक लगेंगे सेवा संकल्प शिविर

रायगढ़, 22 सितम्बर 2026/sns/- शासन के निर्देशानुसार जिले में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों और नगरीय निकायों में 01 से 16 अक्टूबर तक सेवा संकल्प शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में शासन की 26 प्रमुख हितग्राहीमूलक योजनाओं से पात्र नागरिकों को लाभान्वित किया जाएगा।
जिला पंचायत सीईओ श्री अभिजीत बबन पठारे ने बताया कि शिविरों से पहले 25 सितंबर से आवेदन संकलन का कार्य शुरू किया जाएगा। प्राप्त आवेदनों का निराकरण संबंधित विभागों द्वारा किया जाएगा। शिविर के दिन आवेदकों को उनके आवेदन की स्थिति और निराकरण की जानकारी मौके पर ही दी जाएगी। इससे लोगों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए बार-बार कार्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
इन स्थानों पर होंगे शिविर
1 अक्टूबर को धरमजयगढ़ विधानसभा अंतर्गत जनपद पंचायत घरघोड़ा का शिविर माध्यमिक शाला अमलीडीह में होगा। 2 अक्टूबर को लैलूंगा विधानसभा के जनपद पंचायत तमनार का शिविर हाईस्कूल मैदान देवगढ़ में, 3 अक्टूबर को खरसिया विधानसभा के जनपद पंचायत खरसिया का शिविर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय मुरा में तथा 4 अक्टूबर को रायगढ़ विधानसभा के जनपद पंचायत रायगढ़ का शिविर स्कूल प्रांगण जुर्डा में आयोजित होगा। इसी तरह 5 अक्टूबर को जनपद पंचायत धरमजयगढ़ का शिविर खेलभाठा दर्रीडीह, 6 अक्टूबर को जनपद पंचायत लैलूंगा का शिविर हाईस्कूल प्रांगण नारायणपुर, 7 अक्टूबर को नगर पालिका परिषद खरसिया का शिविर नगर पालिका परिसर, 8 अक्टूबर को जनपद पंचायत पुसौर का शिविर ग्राम पंचायत बाघाडोला में होगा।
9 अक्टूबर को नगर पंचायत धरमजयगढ़, 10 अक्टूबर को नगर पंचायत लैलूंगा, 11 अक्टूबर को जनपद पंचायत पुसौर का शिविर मंगल भवन तिलगी, 12 अक्टूबर को नगर पालिक निगम रायगढ़ का शिविर निगम कार्यालय परिसर में होगा। 13 अक्टूबर को नगर पंचायत घरघोड़ा, 14 अक्टूबर को नगर पंचायत तमनार, 15 अक्टूबर को जनपद पंचायत खरसिया-2 का शिविर हाईस्कूल परिसर खम्हार तथा 16 अक्टूबर को नगर पंचायत पुसौर का शिविर नगर पंचायत कार्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।
अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारी
शिविरों के सुचारू संचालन के लिए संबंधित अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को नोडल अधिकारी बनाया गया है। नगर पालिक निगम रायगढ़ के लिए आयुक्त को नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी के रूप में व्यवस्था संभालेंगे।

About The Author