स्वच्छ हाथ, स्वस्थ बचपन की ओर कदमः आंगनबाड़ी केंद्रों में मनाया गया हाथ धुलाई कार्य
बीजापुर, 22 सितम्बर 2026/sns/- स्वच्छता ही सेवा एवं पोषण माह पखवाड़ा के अंतर्गत जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में हाथ धुलाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, माताओं एवं समुदाय को हाथों की स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना और दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदतों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा बच्चों को हाथ धोने के सही तरीके का प्रदर्शन कराया गया। बच्चों को भोजन से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद साबुन से हाथ धोने की आवश्यकता समझाई गई। साथ ही स्वच्छ हाथों और स्वस्थ जीवन के बीच संबंध की जानकारी देते हुए नियमित रूप से हाथ धोने के लिए प्रेरित किया गया।
आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों ने उत्साहपूर्वक हाथ धुलाई गतिविधि में भाग लिया। इस अवसर पर स्वच्छता के साथ-साथ पौष्टिक आहार, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वास्थ्यकर आदतों के प्रति भी जागरूक किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में यह संदेश दिया गया कि स्वच्छता की शुरुआत अपने हाथों से होती है। छोटे-छोटे स्वच्छता व्यवहारों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर बच्चों को स्वस्थ एवं सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है।