अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक संपन्न
दुर्ग, 22 सितंबर 2026/sns/- जिला कार्यालय के सभा कक्ष में विगत दिवस जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति एवं प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उक्त बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन, अनुविभागीय अधिकारी पाटन श्री उत्तम कुमार ध्रुव, अनुविभागीय अधिकारी धमधा श्री लवकेश कुमार ध्रुव, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग श्री अविनाश श्रीवास सहित जिले के समस्त विभागों के अधिकारीगण एवं जिला स्तरीय अल्पसंख्यक कल्याण समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान उपस्थित अधिकारियों द्वारा विभिन्न विभागों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं में अल्पसंख्यक वर्गों की भागीदारी और प्रगति की विस्तृत जानकारी दी गई। बैठक में आयुष्मान भारत योजना, अल्पसंख्यक प्रमाण पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, स्कॉलरशिप, पीएम आवास योजना तथा राजस्व विभाग द्वारा संचालित योजनाओं पर समिति के सदस्यों के साथ गहन चर्चा की गई। अपर कलेक्टर श्रीमती योगिता देवांगन ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए, ताकि अल्पसंख्यक समुदाय के पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का समय पर और पूरा लाभ मिल सके।