प्रतीक्षा बस स्टैण्ड की 14 दुकानों की शेष प्रीमियम राशि जमा करने हेतु 3 दिन का अंतिम अवसर

अम्बिकापुर, 24 सितम्बर 2026/sns/-  नगर पालिक निगम अम्बिकापुर द्वारा प्रतीक्षा बस स्टैण्ड में निर्मित प्रथम तल की दुकानों की बकाया प्रीमियम राशि जमा करने के लिए आबंटितियों को अंतिम सूचना जारी की गई है। वर्ष 2023 में प्रतीक्षा बस स्टैण्ड के प्रथम तल पर कुल 23 दुकानों का आबंटन किया गया था। इनमें से 14 दुकानों के आबंटितियों द्वारा आबंटन के पश्चात कुल 69 लाख रुपये की प्रीमियम राशि अब तक जमा नहीं की गई है। प्रीमियम राशि जमा करने के लिए संबंधित आबंटितियों को नगर पालिका निगम अंबिकापुर द्वारा पूर्व में भी कई बार सूचना पत्र जारी किए गए, लेकिन आज दिनांक तक बकाया राशि जमा नहीं की गई है। नगर निगम द्वारा अब संबंधित आबंटितियों को तीन दिवस का अंतिम अवसर प्रदान करते हुए बकाया प्रीमियम राशि जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं करने पर पूर्व में जमा की गई प्रीमियम राशि राजसात करते हुए दुकान का आबंटन निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके पश्चात निरस्त दुकानों का पुनः आबंटन नियमानुसार किया जाएगा।

About The Author