पदयात्रा सप्ताह की तैयारियों को लेकर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने ली बैठक, कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का किया आह्वान

पदयात्रा सप्ताह की तैयारियों को लेकर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने ली बैठक, कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का किया आह्वान

पदयात्रा सप्ताह की रूपरेखा पर मंथन, विधायक पुरन्दर मिश्रा ने दिए आवश्यक निर्देश

रायपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्ष के सेवा संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले “पदयात्रा सप्ताह” की तैयारियों को लेकर आज गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर परिसर कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने भाजपा उत्तर विधानसभा क्षेत्र के सभी मंडल, मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों, पार्षदगण एवं देवतुल्य कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर पदयात्रा सप्ताह की विस्तृत रूपरेखा, आयोजन की तैयारियों तथा विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की।

बैठक में विधायक पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि पदयात्रा सप्ताह केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ अभियान में सहभागी बनें तथा अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें।

उन्होंने कहा कि आठ दिवसीय पदयात्रा के दौरान नशामुक्ति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा जनसमस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने जैसे विषयों को लेकर जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा।

विधायक श्री पुरन्दर मिश्रा ने कहा कि 25 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलने वाला यह पदयात्रा सप्ताह सेवा और संकल्प की भावना को जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ तैयारियों को अंतिम रूप देने और पदयात्रा को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों की सहभागिता से यह अभियान सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।

About The Author