सेवा संकल्प अभियान सेवा की कहानी
बिलासपुर, 24 सितंबर 2026/sns/- स्वास्थ्य विभाग द्वारा टीबी मरीजों के उपचार के साथ-साथ उन्हें पोषण सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ’’निक्षय पोषण योजना’’ और ’’टीबी मुक्त भारत अभियान’’ का संचालन किया जा रहा है। इन योजनाओं से मरीजों को उपचार के दौरान पोषण संबंधी सहायता मिल रही है, जिससे वे स्वस्थ होकर सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
सकरी वार्ड क्रमांक 12, अर्बन बिलासपुर निवासी श्री सतीश सूर्यवंशी भी योजना से लाभान्वित होकर अब सामान्य जीवन व्यतीत कर रहे हैं। टीबी से पीड़ित होने के दौरान उनका वजन काफी कम हो गया था। भूख नहीं लगने के साथ उन्हें सांस लेने में परेशानी होती थी और सामान्य कार्य करने पर भी सांस फूलने लगती थी। बीमारी के कारण उन्हें शारीरिक और मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ा तथा उनका काम भी छूट गया था। टीबी का उपचार शुरू होने के साथ ही उन्हें ’’निक्षय पोषण योजना’’ के तहत पोषण सहायता मिलनी शुरू हुई। योजना के अंतर्गत उन्हें 3 हजार रुपये की राशि, प्रोटीन पाउडर और फूड बास्केट उपलब्ध कराया गया। नियमित उपचार और पोषण सहायता से उनके स्वास्थ्य में लगातार सुधार आया।
अब सतीश पहले की तरह सामान्य रूप से अपना काम कर रहे हैं। शारीरिक एवं मानसिक परेशानी कम हुई है और सांस फूलने जैसी समस्या भी अब नहीं होती। बीमारी के कारण सामाजिक एवं पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल होने में जो संकोच महसूस होता था, वह भी दूर हो गया है। अपने काम पर दोबारा लौटने से उनके जीवन में आत्मविश्वास और खुशी लौटी है। वर्तमान में वे स्वस्थ होकर सामान्य जीवन-यापन कर रहे हैं। हितग्राही सतीश सूर्यवंशी ने बताया कि टीबी होने की वजह से मेरा जॉब छूट गया था, लेकिन अब मुझे अपना काम फिर से मिल गया है। पहले की तुलना में अब मैं ज्यादा स्वस्थ और तंदुरुस्त महसूस करता हूं। वर्तमान में मुझे किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं है और मैं सामान्य जीवन जी रहा हूं।