सेवा संकल्प अभियान के तहत 1 से 5 अक्टूबर तक जिले में लगेंगे

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 24 सितम्बर 2026/sns/- सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत आमजन की समस्याओं और शिकायतों का त्वरित निराकरण करने तथा पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए तीनों विकासखंडों में शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने अधिकारियों को शिविरों का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 1 अक्टूबर को बिलाईगढ़ विकासखंड के शासकीय शहीद वीर नारायण सिंह महाविद्यालय ग्राउंड में शिविर लगेगा। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बिलाईगढ़ श्रीमती ऋचा सिंह नोडल अधिकारी रहेंगी। जनपद पंचायत बिलाईगढ़ की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती योगेश्वरी बर्मन और तहसीलदार श्रीमती नीलिमा अग्रवाल सहायक नोडल अधिकारी होंगी।
3 अक्टूबर को सारंगढ़ विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर, दानसरा में शिविर आयोजित होगा। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सारंगढ़ श्री उमेश कुमार साहू नोडल अधिकारी होंगे। जनपद पंचायत सारंगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री राधेश्याम नायक और तहसीलदार श्री एन.के. सिन्हा सहायक नोडल अधिकारी रहेंगे।
5 अक्टूबर को बरमकेला विकासखंड के शासकीय माध्यमिक शाला ग्राउंड, झनकपुर में शिविर लगेगा। जनपद पंचायत बरमकेला की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती शिक्षा शर्मा और तहसीलदार श्री कोमल प्रसाद साहू सहायक नोडल अधिकारी के रूप में दायित्व संभालेंगे।
शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी देंगे। पात्र हितग्राहियों से आवश्यक आवेदन प्राप्त कर उनका नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाएगा। विभागीय योजनाओं का लाभ यथासंभव शिविर स्थल पर ही प्रदान किया जाएगा। आमजन की शिकायतों और मांगों पर कार्रवाई कर उन्हें इसकी जानकारी भी वहीं दी जाएगी।
अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों की सहभागिता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और तहसीलदार ग्रामीणों तक शिविरों की तिथि, स्थान और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी पहुंचाएंगे। ग्राम कोटवारों के माध्यम से संबंधित ग्रामों में मुनादी भी कराई जाएगी।
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रशासन और नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करते हुए शासन की योजनाओं को पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और आमजन की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जा रही है। ये शिविर “सेवा, मेरा योगदान” की भावना को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होंगे।

About The Author