आयुष्मान कार्ड से निःशुल्क इलाज
बलौदाबाजार, 25 सितम्बर 2026/sns/- शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं का मजबूत सहारा बन रही हैं। आयुष्मान कार्ड के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को अस्पतालों में निःशुल्क उपचार की सुविधा मिल रही है। ग्राम बगबुडवा की गीतेश्वरी वर्मा पति सुखनाथ वर्मा भी इसका लाभ लेकर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्राप्त कर रही हैं। गीतेश्वरी वर्मा डिलीवरी के लिए जिला अस्पताल पहुंची थीं। यहां उन्हें आयुष्मान कार्ड के माध्यम से इलाज की पूरी सुविधा निःशुल्क मिली। अस्पताल में उपचार के साथ-साथ उनके रहने और भोजन की भी अच्छी व्यवस्था की गई, जिससे उन्हें इस महत्वपूर्ण समय में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। गीतेश्वरी वर्मा ने शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयुष्मान कार्ड के माध्यम से आम लोगों को निःशुल्क और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल रही है, यह बहुत अच्छी पहल है। उन्होंने कहा कि जरूरत के समय बिना आर्थिक चिंता के इलाज की सुविधा मिलना गरीब और सामान्य परिवारों के लिए बड़ी राहत है। आयुष्मान कार्ड जैसी स्वास्थ्य योजनाओं से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को उपचार के खर्च की चिंता से राहत मिल रही है और उन्हें समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं।