सेवा सेतु अभियान के तहत ग्रामीणों को दी गई डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता की जानकारी
मोहला, 30 सितंबर 2026/sns/-जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित “सेवा सेतु अभियान” के तहत वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विकासखंड अंबागढ़ चौकी के ग्राम पंचायत नीचेकोहड़ा में डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला अग्रणी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा, मोहला के माध्यम से किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं के सुरक्षित उपयोग, बचत एवं निवेश के साथ-साथ साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में ग्रामीणों को बजट निर्माण, बचत, निवेश, सावधि जमा खाता, आवर्ती जमा खाता, डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर , केवाईसी, क्रेडिट स्कोर, बीसी बैंकिंग, वित्तीय विविधिकरण एवं डिजिटल बैंकिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई। साथ ही यूपीआई के सुरक्षित उपयोग और एटीएम के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी बताया गया। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को सुरक्षित एवं जागरूक डिजिटल बैंकिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल और वित्तीय साक्षरता के माध्यम से ग्रामीण नागरिक बैंकिंग सुविधाओं का सुरक्षित उपयोग करने के साथ-साथ साइबर धोखाधड़ी से भी स्वयं को बचा सकते हैं।
- साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय
कार्यक्रम का एक प्रमुख उद्देश्य ग्रामीणों को बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना रहा। इस दौरान डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी फ्रॉड, नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी, एपीके फाइल के माध्यम से ठगी, पार्सल डिलीवरी फ्रॉड सहित विभिन्न प्रकार की साइबर ठगी के तरीकों की जानकारी दी गई। ग्रामीणों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड, बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी अथवा व्यक्तिगत विवरण साझा न करें और संदिग्ध लिंक या फाइल को डाउनलोड करने से बचें। साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने के लिए साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी भी दी गई। साथ ही बैंकिंग संबंधी शिकायतों के निराकरण के लिए सीएमएस पोर्टल तथा भारतीय रिजर्व बैंक की लोकपाल योजना के संबंध में भी जागरूक किया गया। आरबीआई लोकपाल से संबंधित सहायता के लिए 14448 नंबर की जानकारी दी गई।
- विभिन्न शासकीय योजनाओं की दी जानकारी
जागरूकता कार्यक्रम में सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित विभिन्न वित्तीय एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। उपस्थित लोगों को योजनाओं के लाभ, पात्रता एवं बैंकिंग प्रक्रिया के संबंध में भी अवगत कराया गया।