सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम

दुर्ग, 30 सितंबर 2026/sns/- नगर पालिक निगम दुर्ग अंतर्गत विगत मंगलवार को महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा परियोजना वार्ड क्रमांक 17, कादम्बरी नगर स्थित आंगनबाड़ी भवन में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आंगन मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती अलका बाघमार रहीं। कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी श्री देव नारायण चन्द्राकर की उपस्थिति में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों के कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया गया। इस दौरान बच्चों एवं गर्भवती माताओं के पोषण एवं स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
महापौर श्रीमती अलका बाघमार ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण कड़ी आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन बहनें हैं। इनके माध्यम से स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण, पौष्टिक आहार, न्योता भोज सहित विभिन्न गतिविधियों के जरिए आंगनबाड़ी केंद्रों को सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब गर्भवती माता स्वस्थ होगी, तभी आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ होगी। शासन के पोषण अभियान से जुड़कर मातृशक्ति को सम्मान और सशक्त बनाने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिन बहनें घर-घर पहुंचकर कुपोषण के खिलाफ जागरूकता फैलाने और स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इनके समर्पित प्रयासों से बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण की बेहतर देखभाल सुनिश्चित हो रही है तथा स्वस्थ एवं विकसित भारत की नींव मजबूत हो रही है। कार्यक्रम के दौरान गर्भवती माताओं की गोद भराई की रस्म संपन्न कराई गई। वहीं छह माह पूर्ण कर चुके बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। माताओं एवं बच्चों को पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया गया।
समारोह में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। बच्चों के लिए खीर, पूरी-हलवा, केला, सलाद, लड्डू सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं मितानिनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में लोक कर्म प्रभारी श्री देव नारायण चन्द्राकर, वार्ड पार्षद श्रीमती सुरूचि पाटिल, श्रीमती रंजीता पाटिल, श्रीमती जयश्री राजपूत, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका, मितानिन तथा बड़ी संख्या में माताएं एवं नागरिक उपस्थित रहे।

About The Author