स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत विद्यार्थियों ने दिया स्वच्छता का संदेश

अम्बिकापुर, 02 अक्टूबर 2026/sns/- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी  की जयंती के अवसर पर स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत केंद्रीय संचार ब्यूरो अंबिकापुर द्वारा गांधीनगर स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय  में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए चित्रकला प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, भाषण प्रतियोगिता एवं नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, स्वच्छ वातावरण, व्यक्तिगत स्वच्छता तथा सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री ललित जाटवार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश परिवार और समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।

कार्यक्रम में विकासखंड स्रोत समन्वयक श्री संजीव भारती एवं संकुल समन्वयक श्री सलीम खान राही भी उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदतों को अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

केंद्रीय संचार ब्यूरो के ब्यूरो प्रभारी श्री हिमांशु सोनी ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि स्वच्छता ही सेवा अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता को लेकर जिम्मेदारी एवं सहभागिता की भावना विकसित करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे स्वच्छता का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर श्री निरंजन विश्वास, सुश्री रेखा राय, श्रीमती प्रियंका सिंह, श्रीमती प्रतिमा कुशवाहा, श्रीमती प्रियंका राय गुप्ता, श्री विश्वजीत पाठक, श्री रामनाथ भगत, श्री साजिद नदीम अंसारी, श्री विक्रम सिंह तोमर एवं श्री विनय यादव सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता को लेकर अपनी रचनात्मक सोच एवं प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रकला और रंगोली के माध्यम से स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण का संदेश दिया गया, वहीं भाषण एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से स्वच्छता के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी, जागरूकता तथा व्यवहार में स्वच्छता अपनाने का संदेश प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता ने स्वच्छता ही सेवा अभियान के संदेश को प्रभावी रूप से जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया।

About The Author