गांधी जयंती पर पुसौर में निकाली गई कुष्ठ जागरूकता रैली
रायगढ़, 2 अक्टूबर 2026/sns/- राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर में कुष्ठ रोग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार जगत ने गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए तथा उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूक रहने और समाज में इसके संबंध में फैली भ्रांतियों को दूर करने का संदेश दिया। उन्होंने कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं करने तथा समय पर जांच एवं उपचार के लिए लोगों को प्रेरित किया। इस दौरान उपस्थित लोगों को कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुसौर से गांधी प्रतिमा तक जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से लोगों को कुष्ठ रोग के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान, समय पर जांच कराने और उपचार के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों ने लोगों को बताया कि समय पर जांच और नियमित उपचार से कुष्ठ रोग का उपचार संभव है।
कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुश्री रंजना पैंकरा, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. अविनाश चंद्रा, बीएमओ डॉ. विनोद नायक, श्री मोहन लाल साहू, श्री दिनेश कुमार यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों में कुष्ठ रोग को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ रोग से प्रभावित व्यक्तियों के प्रति सकारात्मक एवं सहयोगात्मक व्यवहार को प्रोत्साहित करना रहा।