अधिकारी सप्ताह में दो दिन फील्ड विजिट कर, शासकीय योजनाओं
अम्बिकापुर, 05 अक्टूबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सोमवार को जिला कलेक्टरेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकताओं और जनहित से जुड़े मामलों का निराकरण निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री रोमा श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर श्री प्रताप विजय खेस्स, नगर निगम आयुक्त श्री विनय अग्रवाल, प्रशिक्षु आईएफएस श्री कुणाल मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में पूर्व बैठकों एवं निरीक्षणों के दौरान विभागों को दिए गए निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जानकारी ली गई। डीएमएफ कार्यों पर वसूली एवं निर्माण कार्यों की स्थिति, मुआवजा प्रकरणों, अतिक्रमण सहित अन्य की समीक्षा की गई। इस दौरान कलेक्टर जनदर्शन, जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल आदि की विस्तृत समीक्षा की गई।
अधिकारियों को सप्ताह में दो दिन फील्ड विजिट के निर्देश-
कलेक्टर ने जिले में शासकीय योजनाओं एवं विकास कार्यों के अवलोकन और आमजन की समस्याओं को जानने अधिकारियों को सप्ताह में कम से कम दो दिन फील्ड विजिट करने कहा। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र में पहुंचकर योजनाओं के क्रियान्वयन, निर्माण कार्यों, शासकीय संस्थानों और विभिन्न विभागीय गतिविधियों का मौके पर निरीक्षण करें। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए।
सीएम हेल्पलाइन की विभागवार समीक्षा-
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक समाधान हो। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निराकरण के बाद आवेदक को आवेदन की स्थिति और की गई कार्यवाही की स्पष्ट जानकारी भी दी जाए, ताकि उसे अपनी शिकायत के संबंध में पूरी जानकारी हो। कलेक्टर ने विभागवार लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को पॉजिटिव फीडबैक बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने जनता से सीधे जुड़े एवं बड़े विभाग जैसे राजस्व, गृह, निगम, कृषि, आदिम जाति, स्वास्थ्य आदि को सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों के निराकरण में संवेदनशीलता बरतने तथा निराकरण में तेजी लाने कहा।
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 7 अक्टूबर को निकलेगी सेवा ज्योति यात्रा, आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने विभागों को दिए निर्देश-
कलेक्टर ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ 7 अक्टूबर को आयोजित होगी। जिला स्तरीय कार्यक्रम कला केंद्र मैदान में होगा। सेवा ज्योति यात्रा में सभी विकासखंडों से लोग अम्बिकापुर के निर्धारित कला केंद्र मैदान में एकत्रित होंगे, जहां विकसित भारत संकल्प सभा होगी। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से लाइव संबोधन होगा। उन्होंने इस दौरान कार्यक्रम की आवश्यक तैयारियों मंच, माइक, साउंड सिस्टम, एलईडी स्क्रीन, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था, चिकित्सकीय व्यवस्था, साफ सफाई सहित विभिन्न तैयारियों को समय पर पूरा करने अधिकारियों को निर्देशित किया।