आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम जमदरा में सेवा संकल्प अभियान के तहत पौधरोपण एवं स्वच्छता श्रमदान
अम्बिकापुर, 05 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आकांक्षी विकासखंड लखनपुर की ग्राम पंचायत करई के ग्राम जमदरा में पौधरोपण एवं स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा ग्रामीणों के साथ स्वच्छता श्रमदान में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ की शपथ ली। विधायक श्री मिंज ने ग्रामीणों को पौधों का वितरण करते हुए पौधरोपण करने तथा उनकी नियमित देखभाल एवं संरक्षण की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी अत्यंत आवश्यक है।
दिव्यांग हितग्राहियों को मिली आर्थिक सहायता
कार्यक्रम के दौरान 103 दिव्यांग हितग्राहियों को कुल 5 लाख रुपये के स्वेच्छानुदान के चेक वितरित किए गए। विधायक श्री मिंज ने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक शासन की योजनाओं एवं सहायता का लाभ पहुंचाने के साथ क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। जनपद पंचायत लखनपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री ने ग्राम जमदरा एवं करई के प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने की अपील की। उन्होंने ग्रामीणों को वीबी-जी राम जी योजना सहित शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों से योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
795.46 लाख रुपये की लागत से 226 कार्य
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती शास्त्री ने बताया कि वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत कुल 795.46 लाख रुपये की लागत से 226 विकास कार्य शामिल हैं। इनमें 170.81 लाख रुपये की लागत से 57 डबरी निर्माण, 203.98 लाख रुपये की लागत से 34 मुक्तिधाम निर्माण, 133.31 लाख रुपये की लागत से 31 बालिका शौचालय निर्माण तथा 287.35 लाख रुपये की लागत से 104 अन्य विकास कार्य शामिल हैं। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला सिंह, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती खुशबू शास्त्री, आकांक्षी विकासखंड फेलो, ग्राम पंचायतों के सचिव, जनप्रतिनिधि, सरपंच, महिला स्व-सहायता समूहों के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।