वन्यप्राणी सप्ताह 2026: विद्यार्थियों ने चित्रों में उकेरा वन्यजीवन संरक्षण का संदेश
मुंगेली, 05 अक्टूबर 2026/sns/- अचानकमार टाइगर रिजर्व में सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत 02 से 08 अक्टूबर 2026 तक जुड़े आवास, वन्यजीवन का विकास थीम के तहत वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शिवतराई में विद्यार्थियों के लिए विशेष चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। कक्षा 6वीं से 10वीं तक के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी कला के माध्यम से वन्यजीवन एवं प्रकृति संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान श्रीमती प्रियंका पाण्डेय मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीवन) एवं क्षेत्रीय निदेशक, अचानकमार टाइगर रिजर्व, बिलासपुर ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने वनों, वन्यप्राणियों एवं जैव विविधता के संरक्षण तथा मानव जीवन में इनके महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनने और वन्यजीवों के संरक्षण में अपनी भूमिका समझने के लिए प्रेरित किया। जागरूकता सत्र के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि वनों और वन्यजीवों का संरक्षण केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जंगल, वन्यप्राणी, जैव विविधता और प्रकृति संरक्षण जैसे विषयों को रंगों एवं कल्पनाशीलता के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता ने विद्यार्थियों को पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के विषय में सोचने और अपनी भावनाओं को रचनात्मक ढंग से व्यक्त करने का अवसर प्रदान किया।
कार्यक्रम में स्थानीय गोंड आर्ट पेंटर सुश्री रागनी धुर्वे का विशेष योगदान रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को पारंपरिक कला एवं पेंटिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन दिया और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करते हुए शुभकामनाएं दीं। इससे विद्यार्थियों को स्थानीय कला एवं संस्कृति से जुड़ने का अवसर भी मिला। इस अवसर पर श्री दिनेश कुमार पटेल उप संचालक, अचानकमार टाइगर रिजर्व, श्री समीर जोनाथन सहायक संचालक लोरमी बफर, परिक्षेत्र अधिकारी सहित क्षेत्रीय वन कर्मचारी उपस्थित रहे।