कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कल हनुमान मंदिरों में होगा हनुमान चालीसा पाठ

प्रेस विज्ञप्ति

कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए कल हनुमान मंदिरों में होगा हनुमान चालीसा पाठ

सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं एवं आमजन से की सामूहिक प्रार्थना की अपील

रायपुर, 5 अक्टूबर 2026। रायपुर लोकसभा सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र एवं पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए रायपुर लोकसभा क्षेत्र के माननीय जिलाध्यक्ष, माननीय विधायक महोदय, जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंचों, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों से मंगलवार, 6 अक्टूबर 2026 को शाम 7 से 8 बजे के मध्य अपने-अपने क्षेत्र के हनुमान मंदिरों में हनुमान चालीसा का पाठ एवं प्रार्थना करने का अनुरोध किया है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया, वह केवल एक पायलट के रूप में उनके दायित्व का निर्वहन नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में मानवीय जीवन की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का अनुपम उदाहरण है।

विमान में उत्पन्न गंभीर संकट के दौरान स्वयं घायल होने के बावजूद कैप्टन मच्छार ने परिस्थितियों का सामना किया और विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके साहस और सूझबूझ की देश-विदेश में सराहना हुई है।

सांसद श्री अग्रवाल ने कहा, “कैप्टन स्मित मच्छार ने अपने साहस से यह संदेश दिया है कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, कर्तव्य और मानव जीवन की रक्षा का संकल्प उससे बड़ा होता है। उन्होंने जिस धैर्य और बहादुरी का परिचय दिया, वह पूरे देश के लिए प्रेरणादायी है।”

उन्होंने कहा कि भारत की सनातन परंपरा में संकट के समय सामूहिक प्रार्थना और संकीर्तन की विशेष महत्ता रही है। हनुमान जी संकटमोचन हैं इसलिए मंगलवार के दिन हनुमान मंदिरों में एक घंटे तक हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने और पूर्ण स्वास्थ्य के साथ अपने परिवार के बीच लौटने की प्रार्थना की जाए।

श्री अग्रवाल ने कहा कि यह किसी राजनीतिक कार्यक्रम का विषय नहीं, बल्कि एक साहसी भारतीय के प्रति देशवासियों की कृतज्ञता, संवेदना और शुभकामना व्यक्त करने का अवसर है।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से आग्रह किया कि वे मंगलवार शाम 7 से 8 बजे के बीच अपने निकटतम हनुमान मंदिर में एकत्र होकर हनुमान चालीसा का पाठ करें और कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की सामूहिक प्रार्थना करें।

“बजरंगबली कैप्टन स्मित मच्छार को शक्ति दें, उन्हें शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य प्रदान करें और उनके साहस को देश के हर नागरिक के लिए प्रेरणा बनाएं—यही हमारी सामूहिक प्रार्थना है।”

सांसद श्री अग्रवाल स्वयं कल शाम 7:00 बजे दूधाधारी मठ पुरानी बस्ती रायपुर में कार्यकर्ताओं के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे ।

About The Author