आरंग में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर संपन्न, 2 हजार से अधिक हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

आरंग में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर संपन्न, 2 हजार से अधिक हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

कैबिनेट मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब ने सेना के शौर्य को किया नमन, कहा—देश की एकता और अखंडता अभेद्य

विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ—मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब

रायपुर, 05 अक्टूबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आरंग के टाउन हॉल में विधानसभा स्तरीय सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही स्थान पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया। शिविर में लगभग पांच हजार हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक एवं कैबिनेट मंत्री गुरु श्री खुशवंत साहेब ने जनसमूह को संबोधित करते हुए भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और शौर्य को नमन किया। उन्होंने कहा कि देश के वीर सैनिकों के त्याग, समर्पण और अदम्य साहस के कारण हमारी सीमाएं सुरक्षित हैं। भारत की एकता और अखंडता अभेद्य है और इसे कोई भी बाहरी या आंतरिक ताकत कमजोर नहीं कर सकती।

मंत्री श्री साहेब ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत-2047’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में ऐसे जनसेवा अभियान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। शासन की योजनाओं का लाभ जब समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा, तभी समावेशी विकास के साथ सशक्त और विकसित भारत का सपना साकार होगा।

उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं को एक ही स्थान पर आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इससे पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी संभव हो रहा है।

स्वामित्व पट्टे से लेकर आवास तक, मौके पर मिला योजनाओं का लाभ

कलेक्टर डॉ गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में राजस्व विभाग द्वारा 1,979 हितग्राहियों को स्वामित्व पट्टे तथा 229 हितग्राहियों को आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही बाढ़ से हुई क्षति के लिए 667 हितग्राहियों को क्षतिपूर्ति सहायता प्रदान की गई।

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत 70 हितग्राहियों को आवास की चाबी सौंपी गई। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 17 शौचालयों की स्वीकृति प्रदान की गई। बिहान योजना के अंतर्गत चार समूहों को 60 लाख रुपये तथा आठ समूहों को 4 लाख 80 हजार रुपये की सहायता/स्वीकृति दी गई। इंटरप्राइजेज गतिविधियों के लिए भी 8 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई।

दिव्यांगजन, श्रमिक, किसान और वरिष्ठजन भी हुए लाभान्वित

समाज कल्याण विभाग द्वारा छह हितग्राहियों को श्रवण यंत्र, छह को छड़ी, 10 हितग्राहियों को वृद्धावस्था पेंशन तथा पांच हितग्राहियों को राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना का लाभ प्रदान किया गया। मत्स्य विभाग द्वारा लगभग 20 हितग्राहियों को पंजीयन प्रमाण-पत्र दिए गए।

श्रम विभाग द्वारा 50 श्रम कार्ड प्रदान किए गए। इसके अलावा 20 हितग्राहियों को मिनीमाता महतारी जतन योजना, 20 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री सियान सहायता तथा 50 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री नोनी-बाबू मेधावी शिक्षा सहायता योजना का लाभ दिया गया।

योजना एवं सांख्यिकी विभाग द्वारा लगभग 30 जन्म प्रमाण-पत्र, 21 मृत्यु प्रमाण-पत्र और पांच विवाह प्रमाण-पत्र से संबंधित सेवाएं प्रदान की गईं। कृषि विभाग द्वारा 52 हितग्राहियों को स्प्रेयर वितरित किए गए और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा टीकाकरण सहित अन्य स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिलाओं एवं बच्चों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सेवाएं प्रदान कीं। अन्य विभागों ने भी अपने विभाग से संबंधित योजनाओं और सेवाओं से हितग्राहियों को लाभान्वित किया।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही सहभागिता

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद आरंग के अध्यक्ष डॉ. संदीप जैन, राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री ध्रुव कुमार मिर्धा, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती टाकेश्वरी मुरली साहू, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती तारिणी दीपक चंद्राकर, सीईओ जिला पंचायत श्री कुमार बिश्वरंजन, एसडीएम आरंग श्री रवि सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

About The Author