जिला परिवहन कार्यालय को मिला सर्व सुविधायुक्त नवीन भवन
बलौदाबाजार, 5 अक्टूबर 2026/sns/- जिला परिवहन कार्यालय बलौदाबाजार को सर्व सुविधायुक्त नवीन भवन का सौगात मिला । परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने सोमवार को ग्राम पंचायत परसाभदेर मे 174.41 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित आधुनिक सुविधाओं से लैस जिला परिवहन कार्यालय का विधि -विधान से पूजा अर्चना कर लोकर्पित किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री श्री कश्यप ने सोनबरसा जंगल सफारी के लिये 4 नई जिप्सी एवं सौन्दर्यीकरण व विकास कार्यों हेतु डेढ़ करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की।
लोकार्पण के पश्चात परिवहन मंत्री श्री कश्यप, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने जनप्रतिनिधि एवं अधिकारियो के साथ नवनिर्मित कार्यलय भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया। उन्होंने भवन के गुणवत्तापूर्ण निर्माण की सराहना करते हुए लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने की बात कही।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि जन आकांक्षाओं को ध्यान मे रखते हुए परिवहन कार्यालयों को आधुनिक बनाया जा रहा है। आने वाले समय मे परिवहन से सबंधित सभी कार्य डिजिटल होंगे जिससे घर बैठे कार्य की सुविधा मिलेगी। बलौदाबाजार -भाटापारा जिले मे लगभग 2 लाख 14 हजार वाहन पंजीकृत है जो बड़ी संख्या है।उन्होंने स्कूली बच्चों के द्वारा दो पहिया वाहन चालने को लेकर कहा कि अभिभावको को अपने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी दी जानी चाहिए ताकि दुर्घटना न घटे। उन्होंने कहा कि राहवीर योजना अंतर्गत दुर्घटना पीड़ितों को डेढ़ लाख रुपए तक कैशलेस ईलाज की सुविधा मिलती है। मंत्री श्री कश्यप ने जिले के 5 पैक्स मे परिवहन सुविधा केन्द्र संचालित होने और 572 लर्निंग लायसेंस जारी होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अब पैक्स मे केवल धान खरीदी ही नहीं बल्कि अन्य कार्य भी किये जायेंगे।
राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने जिला परिवहन कार्यालय का नवीन भवन निर्माण की बधाई देते हुए कहा कि भवन स्वीकृति के पौने दो साल मे ही यह सर्वसुविधायुकक्त कार्यालय का निर्माण हुआ है। अब जिले मे शीघ्र ही वाहन टेस्ट की भी सुविधा मिलने जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार शहर से लेकर गांव तक नित नये विकास के कार्य कर रही है जिससे लोगों मे ख़ुशी का माहौल है। सभी आयु वर्ग के लोगों के लिये केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा कई जनकलयाणकारी योजनाएं संचालित हैं। सभी पात्र हितग्राही इन योजनाओं का लाभ ले रहे हैं। इस दौरान 5 वाहन स्वामियों को लाइसेंस, 5 को हेलमेट एवं 80 वर्ष से अधिक आयु के 10 बुजुर्गो को निःशुल्क बस पास भीं वितरित किया गया।
कार्यलय परिसर मे किया गया वृक्षारोपण – सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत एक पेड माँ के नाम अभियान के तहत नवीन जिला परिवहन कार्यालय परिसर मे वृक्षारोपण का आयोजन किया गया।परिवहन मंत्री श्री केदार कश्यप,राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियो ने पौधे लगाकर हरित पर्यावरण का सन्देश दिये।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल,पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा,प्रमोद शर्मा, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, अपर आयुक्त परिवहन डी. रविशंकर, मुख्य वन संरक्षक रायपुर वृत्त मणीवासन, कलेक्टर कुलदीप शर्मा,एसपी गौरव राय डीएफओ पंकज कमल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या मे ग्रामवासी उपस्थित थे।