आंगनबाड़ी के बच्चों की खुशियों में जुड़ रहे
रायगढ़, 06 अक्टूबर 2026/sns/- आंगनबाड़ी के बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उनके सीखने को खेल के साथ जोड़ने के लिए जिले में आमजन भी आगे आ रहे हैं। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ में लोगों ने आंगनबाड़ी केंद्रों के खिलौना बैंक के लिए नए एवं उपयोगी खिलौने दान किए। आमजन की यह सहभागिता बच्चों के लिए खेल-खेल में सीखने और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का अवसर बढ़ा रही है।
जिलेभर में 25 सितंबर से आयोजित किए जा रहे आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों के साथ खिलौना बैंक को समृद्ध करने का कार्य भी किया जा रहा है। रायगढ़ शहरी परियोजना के सेक्टर कयाघाट में श्रीमती शीला तिवारी ने बच्चों के लिए खिलौने दान किए। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए की गई यह छोटी-सी सहभागिता उनके सीखने और विकास के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अनुसार 0 से 6 वर्ष की आयु बच्चों के विकास की महत्वपूर्ण अवस्था होती है। इस दौरान खेल और गतिविधियों के माध्यम से बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सृजनात्मक विकास को बेहतर तरीके से बढ़ावा दिया जा सकता है। इसी उद्देश्य से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की आयु और आवश्यकता के अनुसार उपयोगी खिलौने एकत्र किए जा रहे हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ नगर निगम रायगढ़ के आयुक्त कार्यालय और सभी वार्ड पार्षद कार्यालयों में भी खिलौना बैंक स्थापित किए गए हैं। लोग अपने घरों में रखे नए अथवा उपयोगी खिलौने बच्चों के लिए दान कर सकते हैं। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले खिलौना संग्रह अभियान के तहत एकत्रित खिलौनों का उपयोग बच्चों की आयु एवं आवश्यकता के अनुसार विभिन्न खेल एवं विकासात्मक गतिविधियों में किया जाएगा।