सेवा संकल्प अभियान के तहत रंग-संगीत कार्यक्रम आयोजित
अम्बिकापुर, 06 अक्टूबर 2026/sns/- छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग एवं संस्कृति विभाग के सहयोग से सेवा संकल्प अभियान के तहत अम्बिकापुर विकास समिति द्वारा सरस्वती महाविद्यालय सुभाषनगर के सभागार में रंग-संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरगुजा संभाग के लोक कलाकारों ने करमा, सुग्गा सहित लोक संस्कृति, भजन एवं देशभक्ति पर आधारित गीतों की प्रस्तुति दी
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर श्रीमती मंजूषा भगत ने स्थानीय लोककला एवं संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय कलाकारों को अधिक से अधिक मंच मिलना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं लोककला से जुड़े रहने का आह्वान किया। लोकगीतों से प्रभावित होकर महापौर श्रीमती भगत ने स्वयं भी जितिया, करमा एवं सुग्गा के गीत गाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम सभापति श्री हरमिंदर सिंह टिन्नी ने की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मान एवं प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में पार्षद श्री शैलेश सिंह, डीपीओ श्री गिरीश गुप्ता, वरिष्ठ साहित्यकार एवं कविगण सहित बड़ी संख्या में युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अम्बिकापुर विकास समिति के संयोजक श्री अंचल ओझा तथा आभार प्रदर्शन जन शिक्षण संस्थान के निदेशक श्री एम. सिद्दीकी ने किया।