घुनघुट्टा जलाशय बना 381 मछुआरों की आजीविका का आधार
अम्बिकापुर, 06 अक्टूबर 2026/sns/- घुनघुट्टा जलाशय से जुड़कर ग्राम कलगसा के मछुआ परिवारों को आजीविका का साधन मिला है। आदिवासी मछुआ सहकारी समिति कलगसा के 381 सदस्य जलाशय में मत्स्य पालन एवं मछली पकड़कर अपना जीवन-यापन कर रहे हैं। समिति को घुनघुट्टा जलाशय 10 वर्ष के लिए पट्टे पर मिला है। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत मछली बीज के लिए मिलने वाली अनुदान सहायता से समिति को मत्स्य उत्पादन में भी सहयोग मिल रहा है।
आदिवासी मछुआ सहकारी समिति कलगसा के अध्यक्ष श्री राम बिलोच राम बताते हैं कि समिति में कुल 381 सदस्य जुड़े हुए हैं। समिति को घुनघुट्टा जलाशय में मत्स्य पालन के लिए 10 वर्ष का पट्टा मिला है। जलाशय से जुड़ने के बाद समिति के सदस्यों को स्थानीय स्तर पर ही आजीविका का साधन उपलब्ध हुआ है। सदस्य यहां मछली पकड़कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं।
’मछली बीज के लिए मिल रही अनुदान सहायता’
श्री राम बिलोच राम ने बताया कि मत्स्य पालन के लिए समिति को मछली बीज हेतु शासन से अनुदान सहायता मिलती है। उन्होंने बताया कि मछली बीज के लिए 7 लाख 62 हजार रुपये की सहायता अनुदान के माध्यम से प्राप्त होती है। इससे जलाशय में मछली बीज डालकर मत्स्य पालन गतिविधियों को आगे बढ़ाने में सहयोग मिल रहा है।
जलाशय में मत्स्य पालन से समिति के सदस्यों के लिए पूरे वर्ष आजीविका की गतिविधि बनी रहती है। इससे होने वाली आय परिवार की दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक बन रही है।
’मत्स्य पालन से बढ़ी आमदनी’
समिति अध्यक्ष के बताते हैं कि मत्स्य पालन से जुड़ने के बाद सदस्यों को अच्छी आमदनी हो रही है। खर्चों के बाद लगभग 50 हजार रुपये से एक लाख रुपये तक की राशि बचने की बात उन्होंने कही। इससे मछुआ परिवारों को आजीविका का स्थायी आधार मिला है।
श्री राम बिलोच राम ने कहा कि घुनघुट्टा जलाशय का पट्टा मिलने और मत्स्य पालन के लिए सहायता मिलने से समिति के सदस्यों को रोजगार एवं आय का साधन मिला है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से मत्स्य पालन से जुड़े समूहों को प्रोत्साहन मिलने से जल संसाधनों का उपयोग आजीविका संवर्धन के लिए हो रहा है। घुनघुट्टा जलाशय से जुड़े आदिवासी मछुआ सहकारी समिति कलगसा के 381 सदस्यों के लिए मत्स्य पालन परिवार की आय और जीवन-यापन का महत्वपूर्ण आधार बना है।