सुकमा में जनहितैषी योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा

सुकमा, 07 अक्टुबर 2026/sns/- जिले के सुदूर और संवेदनशील इलाकों में विकास को नई गति देने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर पर उतारने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुट गया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री अमित कुमार  की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समय-सीमा (टीएल) बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर जिला सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर भी उपस्थित थे। बैठक में राजस्व विभाग, ‘सेवा सेतु पोर्टल’ और ‘सीएम हेल्पलाइन’ से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित व गुणवत्तापूर्ण समाधान करने के कड़े निर्देश दिए गए। इसके साथ ही आगामी 7 अक्टूबर को प्रस्तावित “सेवा ज्योति यात्रा“ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई और मानसून के प्रभाव को देखते हुए स्वास्थ्य अमले को अलर्ट रहने तथा ग्रामीणों में उबला पानी व मच्छरदानी के उपयोग को लेकर जागरूकता फैलाने को कहा गया।
प्रशासनिक समीक्षा के केंद्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचा और सामाजिक सुरक्षा के मुद्दे प्रमुखता से रहे। बैठक में आमजन से जुड़ी अनिवार्य सेवाओं जैसे श्आयुष्मान कार्डश्, आधार कार्ड, वोटर आईडी और श्वय वंदन योजनाश् के शत-प्रतिशत क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सेवानिवृत्त कर्मियों के लंबित प्रकरणों, सामाजिक पेंशन योजनाओं और शासकीय भूमि आवंटन से संबंधित फाइलों को समयबद्ध सीमा में निपटाने को कहा गया। वहीं “सशक्त आंगनबाड़ी अभियान“ के तहत नौनिहालों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए शिक्षकों के अध्यापन कार्य को और अधिक प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
जिले में चल रहे बड़े निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को तय समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जगरगुंडा एजुकेशन सिटी, अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, लाइब्रेरी, हड़मा स्टेडियम शेड निर्माण और पंचायत कैफे के कार्यों की बारीकी से समीक्षा की गई। साथ ही, जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण“ के तहत स्वीकृत आवासों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, ताकि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ जल्द से जल्द पहुंच सके।

About The Author