पीएम आवास के हितग्राहियों को मिली प्रतीकात्मक चाबी
सुकमा, 06 अक्टुबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में मंगलवार को जनपद पंचायत मुख्यालय छिंदगढ़ में आयोजित सेवा सेतु शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण पूर्ण करने वाले हितग्राहियों को प्रतीकात्मक चाबी भेंट कर नए पक्के आशियाने के लिए शुभकामनाएं दी गईं। चाबी हाथ में आते ही हितग्राहियों के चेहरों पर खुशी और आत्मविश्वास साफ नजर आया।
शिविर में एसडीएम छिंदगढ़, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगा राम मरकाम सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों की समस्याओं और जिज्ञासाओं का मौके पर समाधान कर उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
‘सेवा संकल्प अभियान’ बन रहा सुशासन का प्रभावी माध्यमकृअभियान के जरिए शासन की योजनाओं को गांव-गांव और अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ ग्रामीणों को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है। सेवा सेतु शिविर न केवल योजनाओं की जानकारी देने का माध्यम बन रहे हैं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़कर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।