मुनगाडीह में नुक्कड़ नाटक से जन कल्याणकारी योजनाओं

कोरबा, 07 अक्टूबर 2026/sns/- स्वामी आत्मानंद विद्यालय, मुनगाडीह में आयोजित नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके उद्देश्यों को सरल एवं प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और श्री चंद्रशेखर पटेल ने प्रत्येक प्रस्तुति के लिए विद्यार्थियों को एक हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।
डॉ. पवन सिंह ने जिले में जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से किए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मन लगाकर पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि अच्छे अंकों से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
श्री चंद्रशेखर पटेल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के राष्ट्रसेवा एवं जनसेवा के कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ कार्य कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से इसी भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
श्री कीर्ति कश्यप ने विद्यार्थियों को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जीवन और जनसेवा से जुड़े पहलुओं की जानकारी दी तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में बताया। श्री कामता जायसवाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता, रचनात्मकता और आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।
इस अवसर पर श्री विवेक मारकंडे, श्री विष्णु यादव, श्री रामविलास जायसवाल, श्री हरीश चावड़ा, श्री दीपक डिक्सेना, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, ग्राम के सरपंच-पंच, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यार्थी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

About The Author