17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए किया जाएगा प्रेरित
अम्बिकापुर, 07 अक्टूबर 2026/sns/- भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सरगुजा जिले के महाविद्यालयों में मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय, सरगुजा द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों में तिथिवार जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर नव-प्रवेशित एवं युवा विद्यार्थियों को मतदान के महत्व से अवगत कराया जाएगा।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 17 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 5 से 31 अक्टूबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के महाविद्यालयों में विशेष शिविर आयोजित कर पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। ऑनलाइन माध्यम से आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। प्राप्त फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को विधानसभा क्षेत्रवार संबंधित स्वीप कार्यालय में जमा कराया जाना सुनिश्चित किया जाएगा।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 7 अक्टूबर को शासकीय आईटीआई, अम्बिकापुर में मतदान गीत, 8 अक्टूबर को स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी माध्यम आदर्श महाविद्यालय, अम्बिकापुर में पोस्टर निर्माण, 9 अक्टूबर को शासकीय राजमोहिनी देवी महाविद्यालय, अम्बिकापुर में रंगोली तथा 10 अक्टूबर को श्री साई बाबा आदर्श महाविद्यालय, अम्बिकापुर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इसी क्रम में 12 अक्टूबर को राजीव गांधी शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर में स्लोगन लेखन, 13 अक्टूबर को सरस्वती महाविद्यालय, अम्बिकापुर में मानव श्रृंखला, 14 अक्टूबर को हॉली क्रॉस महिला महाविद्यालय, अम्बिकापुर में चित्रकला तथा 15 अक्टूबर को शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, सीतापुर में नुक्कड़-नाटक आयोजित होगा।
आगे 22 अक्टूबर को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, अम्बिकापुर में रंगोली, 23 अक्टूबर को शासकीय पॉलिटेक्निक अम्बिकापुर में निबंध लेखन तथा 24 अक्टूबर को शासकीय राजकुमार धीरज सिंह महाविद्यालय, उदयपुर में मानव श्रृंखला का आयोजन किया जाएगा।
26 अक्टूबर को शासकीय नवीन महाविद्यालय, लखनपुर में रैली, शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, अम्बिकापुर में नारा लेखन तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय कमलेश्वरपुर, मैनपाट में मानव श्रृंखला आयोजित की जाएगी। इसके बाद 27 अक्टूबर को हॉली क्रॉस कॉलेज ऑफ नर्सिंग, अम्बिकापुर में विपणन (मतदाता जागरूकता) गतिविधि तथा शासकीय महाविद्यालय, बतौली में नुक्कड़-नाटक, 28 अक्टूबर को शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, अम्बिकापुर में वाद-विवाद, 29 अक्टूबर को ए.के. सरकार कॉलेज, सीतापुर में मतदाता जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम, जबकि 30 अक्टूबर को कॉलेज ऑफ प्रोफेशनल स्टडीज तथा शासकीय नवीन महाविद्यालय, लुण्ड्रा में पोस्टर निर्माण किया जाएगा।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी संबंधित महाविद्यालयों के प्राचार्यों से निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम आयोजित कराने तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है। साथ ही विशेष शिविर से एक दिन पूर्व विद्यार्थियों को इसकी सूचना देने तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अभियान का उद्देश्य युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पात्र 17़ युवाओं को अग्रिम रूप से मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया से जोड़ना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।