सेवा की कहानीः पति के निधन के बाद अकेले जीवन गुजार रहीं भुइरी बाई को पक्के आवास का सहारा

अम्बिकापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/-    आर्थिक तंगी और सीमित संसाधनों के कारण पक्का मकान बनाना कई जरूरतमंद परिवारों के लिए मुश्किल होता है। ऐसे परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण सुरक्षित आशियाने का सपना पूरा करने में मददगार बन रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की ऐसी ही सेवा की कहानी है श्रीमती भुइरी बाई की। पति के निधन के बाद अकेले जीवन गुजार रहीं भुइरी बाई को पक्का आवास मिलने से कच्चे मकान की परेशानियों से राहत मिली है। साथ ही रसोई गैस की सुविधा से दैनिक जीवन भी आसान हुआ है।

कच्चे मकान में होती थी परेशानी, पति के नाम से स्वीकृत हुआ आवास
श्रीमती भुइरी बाई बताती हैं कि पहले वे अपने पति स्वर्गीय कांशीराम के साथ कच्चे मकान में रहती थीं। मकान की स्थिति अच्छी नहीं होने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने से स्वयं के खर्च पर पक्का मकान बनवाना संभव नहीं था। इसी बीच उनके पति के नाम से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत आवास स्वीकृत हुआ, जिससे पक्के घर की उम्मीद जगी।

भुइरी बाई बताती हैं कि आवास स्वीकृत होने के बाद उनके पति का निधन हो गया। पति के गुजर जाने से वे अकेली रह गईं। ऐसे कठिन समय में पक्का आवास उनके जीवन का बड़ा सहारा बना। अब वे अपने पक्के मकान में रह रही हैं और पहले की तुलना में बेहतर आवासीय सुविधा मिलने से संतुष्ट हैं।

रसोई गैस मिलने से खाना बनाना हुआ आसान
भुइरी बाई को आवास के साथ रसोई गैस की सुविधा भी मिली है। वे बताती हैं कि अब गैस चूल्हे पर भोजन तैयार करती हैं, जिससे रोजमर्रा के कामों में सुविधा हो रही है। अकेले रहने के कारण घरेलू कार्यों की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं पर है। ऐसे में पक्का मकान और रसोई गैस की सुविधा उनके दैनिक जीवन में मददगार साबित हो रही है।

अपने दम पर घर बनाना संभव नहीं था, सरकार ने पूरा किया सपना
भुइरी बाई भावुक होकर बताती हैं, ‘‘पहले कच्चे मकान में रहती थी, तब बहुत दिक्कत होती थी। मेरे पति के नाम से आवास निकला था, लेकिन बाद में उनका निधन हो गया। अब मैं अकेले रहती हूं। मेरी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि अपने पैसे से पक्का मकान बनवा सकूं। सरकार ने अच्छा घर बनाकर दिया है। अब घर में अच्छी सुविधा है और गैस पर खाना भी बनाती हूं।’

उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों की जरूरतों को सरकार सुन रही है और योजनाओं के माध्यम से उन्हें सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। पक्का मकान मिलने से उनकी वर्षों पुरानी इच्छा पूरी हुई है।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
भुइरी बाई ने पक्का आवास और अन्य सुविधाएं मिलने पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पक्का मकान बनाकर हमारा सपना पूरा किया है।’

भुइरी बाई की कहानी दर्शाती है कि शासन की आवास एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाएं जरूरतमंद परिवारों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ऐसे हितग्राहियों की कहानियां सामने आ रही हैं, जिनके जीवन में शासकीय योजनाओं से सकारात्मक बदलाव आया है।

About The Author