केवीके में 13 एकड़ में फलोद्यान का मॉडल, कलेक्टर अमित कुमार ने किया अवलोकन
सुकमा, 08 अक्टुबर 2026/sns/- कलेक्टर श्री अमित कुमार ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकुन्द ठाकुर के साथ बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र मुरतोंडा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में संचालित कृषि, उद्यानिकी एवं संबद्ध गतिविधियों का जायजा लेते हुए करीब 13 एकड़ क्षेत्र में विकसित किए जा रहे फलोद्यान एवं वृक्षारोपण कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली।
कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में आम, अमरूद, चीकू, एप्पल बेर, नारियल, ड्रैगन फ्रूट और संतरा सहित विभिन्न फलदार फसलों का रोपण किया जा रहा है। केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख श्री राजेन्द्र प्रसाद कश्यप ने कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ को फलोद्यान विकास, पौधरोपण की व्यवस्था, प्रजातियों के चयन, पौधों के रखरखाव तथा आगामी कार्ययोजना की विस्तार से जानकारी दी। इन गतिविधियों का उद्देश्य किसानों को फल उत्पादन की आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर विविधीकृत एवं लाभकारी कृषि के लिए प्रेरित करना है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अमित कुमार ने केंद्र में संचालित मुर्गीपालन, बकरीपालन और मछलीपालन जैसी कृषि आधारित संबद्ध गतिविधियों का भी अवलोकन किया। वैज्ञानिकों ने बताया कि इन गतिविधियों को फसल उत्पादन के साथ जोड़कर किसानों के लिए एकीकृत कृषि प्रणाली विकसित की जा रही है, जिससे खेती के साथ आय के अतिरिक्त स्रोत तैयार किए जा सकें। कलेक्टर ने इन मॉडलों को किसानों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा प्रशिक्षण और प्रदर्शन गतिविधियों को और मजबूत करने पर जोर दिया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार ने कहा कि कृषि विज्ञान केंद्र में विकसित किए जा रहे मॉडल स्थानीय किसानों के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन और नई संभावनाओं का केंद्र बन सकते हैं। उन्होंने कृषि एवं उद्यानिकी की नवीन तकनीकों, प्रशिक्षण और प्रायोगिक प्रदर्शन को अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उद्यानिकी विभाग के श्री कमल गावड़े, कृषि अभियांत्रिकी वैज्ञानिक डॉ. परमानंद, कीट वैज्ञानिक डॉ. योगेश कुमार सिदार, उद्यानिकी वैज्ञानिक डॉ. गूंजेश्री गोंड सहित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।