सेवा सेतु से आसान हुई शासकीय सेवाओं की राह, तुमनार की दो बेटियों को मिला आय प्रमाण-
बीजापुर, 08 अक्टूबर 2026/sns/-जिला प्रशासन बीजापुर की डिजिटल जनसेवा पहल‘सेवा सेतु’ ग्रामीण अंचलों में शासकीय सेवाओं की पहुंच आसान बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इस पहल के माध्यम से अब दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को आवश्यक प्रमाण-पत्र एवं अन्य शासकीय सेवाओं का लाभ सरल और सुविधाजनक तरीके से मिल रहा है। डिजिटल व्यवस्था से ग्रामीणों को शासकीय कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है, वहीं समय और संसाधनों की भी बचत हो रही है।
इसी कड़ी में बीजापुर तहसील अंतर्गत ग्राम तुमनार के एक ही परिवार की दो बेटियों गीता तेलम एवं ललिता तेलम को सेवा सेतु के माध्यम से आय प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ। दोनों बेटियों के लिए सुकलूराम तेलम द्वारा आवेदन प्रस्तुत किए गए थे। दोनों आवेदनों की प्रक्रिया सेवा सेतु के माध्यम से सफलतापूर्वक पूर्ण की गई। इस कार्य में सेवा सेतु मैनेजर श्री बलराम वेंजम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके सहयोग से आवेदन संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं को डिजिटल माध्यम से पूरा किया गया, जिससे दोनों हितग्राहियों को आय प्रमाण-पत्र प्राप्त करने में सुविधा हुई।
डिजिटल जनसेवा से ग्रामीण परिवारों को मिल रही राहत-
सेवा सेतु पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिकों को प्रमाण-पत्र संबंधी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। विशेष रूप से दूरस्थ अंचलों में रहने वाले परिवारों के लिए यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो रही है। आय प्रमाण-पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज विभिन्न शासकीय योजनाओं, छात्रवृत्ति एवं अन्य पात्रता आधारित सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।तुमनार की गीता और ललिता तेलम को आय प्रमाण-पत्र प्राप्त होना इस बात का उदाहरण है कि डिजिटल जनसेवा व्यवस्था किस प्रकार ग्रामीण परिवारों की दैनिक प्रशासनिक जरूरतों को आसान बना रही है। जिला प्रशासन की सेवा सेतु पहल का उद्देश्य शासकीय सेवाओं को अधिक सुलभ, पारदर्शी एवं नागरिक हितैषी बनाना है। इस व्यवस्था से ग्रामीणों को आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में सुविधा मिल रही है तथा शासन की सेवाओं की पहुंच गांव-गांव तक सुनिश्चित करने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं।