गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित, जिले की सभी मदिरा दुकानें रहेंगी बंद
मोहला, 29 सितंबर 2026/sns/- गांधी जयंती के अवसर पर शासन के निर्देशानुसार 2 अक्टूबर 2026, शुक्रवार को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया है। इस दौरान जिले में संचालित सभी प्रकार की मदिरा दुकानों एवं संबंधित मदिरा अहातों को पूर्णतः बंद रखा जाएगा।
आबकारी आयुक्त, छत्तीसगढ़, नवा रायपुर अटल नगर द्वारा जारी निर्देश के अनुपालन में जिले में स्थित सी.एस.-2 (घघ), विदेशी मदिरा दुकान (एफ.एल.-1) (घघ), देशी मदिरा दुकान (कम्पोजिट), सी.एस.-2 (घघ-कम्पोजिट), सी.एस.-2 (ग-अहाता), एफ.एल.-1 (ख-अहाता) तथा एफ.एल.-1 (कम्पोजिट ख-अहाता) सहित सभी संबंधित मदिरा दुकानों एवं अहातों को 2 अक्टूबर को पूर्णतः बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जिले के पदस्थ आबकारी उप निरीक्षकों को अपने-अपने प्रभार क्षेत्र में उपस्थित रहकर यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं कि गांधी जयंती के दिन सभी प्रकार की मदिरा दुकानें एवं अहाते पूर्णतः बंद रहें। साथ ही उक्त अवधि में मदिरा का किसी भी प्रकार का संव्यवहार न हो, यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।