सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाषण प्रतियोगिता आयोजित
अम्बिकापुर, 29 सितम्बर 2026/sns/- विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक “सेवा संकल्प अभियान” के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में श्री साई बाबा आदर्श महाविद्यालय, डिगमा, अम्बिकापुर में “मेरे सपनों का भारत” की भावना को केंद्र में रखते हुए भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और विकसित भारत 2047 के लक्ष्य, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका, जागरूक नागरिकता तथा देश के विकास में नागरिकों के योगदान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
विद्यार्थियों ने अपने वक्तव्यों के माध्यम से विकसित और आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने में युवा शक्ति की भूमिका को रेखांकित किया। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को अपने विचार अभिव्यक्त करने के साथ ही राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों को समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वीप (सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) एवं ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) टीम की सक्रिय भूमिका रही। टीम द्वारा विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, जागरूक नागरिकता तथा मतदाता सहभागिता के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करते हुए उन्हें विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प से जोड़ना तथा जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।