जागरूक युवा, सुरक्षित समाज: आपदा प्रबंधन के प्रति युवाओं को किया जागरूक

मुंगेली, 14 अक्टूबर 2026/sns/- अंतर्राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत, मुंगेली से संबद्ध यूथ क्लब दीनबंधु सहयोग संस्था द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम ’“तैयार समाज, सुरक्षित भविष्य”’ के संदेश के साथ युवाओं को आपदा जोखिम कम करने, आगजनी से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षित रहने के उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का आयोजन उपनिदेशक श्री नितिन शर्मा एवं श्री नितेश कुमार मोहले के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में फायर सेफ्टी विशेषज्ञ श्री संजय जांगड़े तथा रिसोर्स पर्सन के रूप में श्री दिलीप बंजारे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने आगजनी एवं अन्य आपदाओं से बचाव के विभिन्न उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अग्नि सुरक्षा के प्रति सतर्कता बरतने, आपातकालीन परिस्थितियों में घबराने के बजाय सूझबूझ से काम लेने तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के महत्वपूर्ण तरीकों के बारे में बताया। साथ ही, आपदा की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित बचाव के लिए जागरूकता, पूर्व तैयारी और सामूहिक सहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया। इस अवसर पर युवाओं ने भी आपदा प्रबंधन, सुरक्षा एवं जन-जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक आपदा से बचाव संबंधी जानकारी पहुंचाने और लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपदा जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूक करना तथा आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए तैयार करना रहा।

About The Author