सेवा सेतु केन्द्र से सिर्फ 4 दिनों में मिले आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, नंद किशोर ने जताया आभार
जांजगीर-चांपा, 15 अक्टूबर 2026/sns/- सेवा संकल्प अभियान के तहत नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, सहज एवं समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी कड़ी में तहसील सारागांव के ग्राम सरवानी निवासी श्री नंद किशोर को अपनी पुत्री के आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा में प्राप्त हुए।
श्री नंद किशोर ने प्रमाण पत्र बनवाने के लिए तहसील कार्यालय स्थित सेवा सेतु केन्द्र में आवेदन किया था। आवेदन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सिर्फ 4 दिनों के भीतर ही तीनों प्रमाण पत्रों की पीडीएफ उनके मोबाइल पर प्राप्त हो गई। इसके साथ ही उन्हें प्रमाण पत्रों की हार्ड कॉपी भी उपलब्ध करा दी गई। समय पर प्रमाण पत्र मिलने से संतुष्ट श्री नंद किशोर ने कहा कि सेवा सेतु केन्द्र के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज आसानी से और निर्धारित समय में मिल रहे हैं, जिससे नागरिकों को शासकीय सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा हो रही है। उन्होंने इस जनहितकारी पहल के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।