ग्राम लिंगागिरी में जन चौपाल: ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी
बीजापुर, 15 अक्टूबर 2026/sns/- ग्राम लिंगागिरी में आज कलेक्टर श्री विश्वदीप एवं जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीमती नम्रता चौबे की उपस्थिति में जन चौपाल का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
जन चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक प्रक्रिया और पात्रता के संबंध में जानकारी दी। साथ ही ग्राम की समस्याओं एवं आवश्यक निर्माण कार्यों से संबंधित मांग पत्र लिखित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश सरपंच को दिए गए।
ग्रामीणों द्वारा उप स्वास्थ्य केंद्र लिंगागिरी में पक्के स्ट्रक्चर के निर्माण की मांग रखी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों और समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
एग्रीस्टेक, पीएम किसान सम्मान निधि और खसरा पंजीयन के लिए शिविर लगाने के निर्देश
जन चौपाल के दौरान बचे हुए एग्रीस्टेक, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, खसरा पंजीयन, वोटर आईडी, आधार कार्ड सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं और दस्तावेजों से संबंधित कार्यों को पूरा कराने के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ दिलाने और आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया पूरी की जाए।
इस अवसर पर ग्रामीण जनसमूह, जनप्रतिनिधि, पंचायत पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।