कलेक्टर-सीईओ का सघन मैदानी निरीक्षण

सुकमा, 15 अक्टुबर 2026/sns/-जिले में शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अमित कुमार एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर ने गुरुवार को ग्राम पंचायत बुड़दी में स्थित विभिन्न शासकीय संस्थानों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक कक्ष, ओपीडी, आईपीडी, स्टाफ रूम, इमरजेंसी कक्ष, ड्रेसिंग कक्ष, इंजेक्शन रूम और प्रयोगशाला का निरीक्षण कर रिकॉर्ड संधारण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। केंद्र में भर्ती मरीज श्रीमती जयवती नाग से चर्चा कर उनके स्वास्थ्य और उपचार संबंधी सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने प्रयोगशाला में उपलब्ध जांच सुविधाओं की समीक्षा करते हुए मेडिकल स्टोर में दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, ओपीडी पर्ची में चिकित्सक का नाम अंकित करने, संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र में बने शाक पीट, डीप पीट एवं परिसर स्थित गंभुजिया फिश टैंक का भी अवलोकन किया।
ग्रामीण आवास और पेयजल व्यवस्था को प्राथमिकता, हितग्राहियों से किया सीधा संवाद ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही श्री श्यामसुंदर बघेल से मुलाकात कर आवास निर्माण की प्रगति, कमरों की संख्या, निर्माण सामग्री की उपलब्धता और प्राप्त किश्तों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया। जल जीवन मिशन के अधिकारियों को गांव में पेयजल आपूर्ति नियमित रखने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल की सुविधा सुचारू रूप से मिल सके। पंचायत भवन में स्व-सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा के दौरान समूहों की आर्थिक गतिविधियों और ऋण वितरण की जानकारी ली गई। महिलाओं ने बताया कि 23 स्व-सहायता समूहों को ऋण वितरित किया गया है। अटल डिजिटल सशक्तिकरण केंद्र में ऑपरेटर से सेवाओं की जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने एक हितग्राही द्वारा एटीएम से राशि निकालने की प्रक्रिया का भी अवलोकन किया।
धान खरीदी केंद्र की तैयारियां जल्द पूरी करने के निर्देश गांव में स्वीकृत नवीन धान खरीदी केंद्र के लिए प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को खरीदी प्रारंभ करने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को शेड निर्माण सहित अन्य जरूरी सुविधाएं तत्काल सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसानों को धान विक्रय के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके पश्चात कलेक्टर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय (सेजेस), बुड़दी पहुंचे, जहां उन्होंने मध्यान्ह भोजन करने वाले विद्यार्थियों से संवाद कर भोजन की गुणवत्ता परखी। उन्होंने निर्धारित मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यालय में पेयजल व्यवस्था, कक्षाओं, स्टाफ रूम और भंडार कक्ष का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
विद्यार्थियों की मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर श्री अमित कुमार बालक आवासीय विद्यालय पोटाकेबीन पहुंचे। यहां उन्होंने भंडार कक्ष का निरीक्षण किया तथा कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। बच्चों से जूते, ड्रेस, कपड़े और पुस्तकों की उपलब्धता के संबंध में पूछने पर विद्यार्थियों ने बताया कि उन्हें ये सभी सामग्री मिल चुकी है। कलेक्टर ने विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए परिसर में नया बोर खुदवाने के निर्देश दिए, ताकि पेयजल की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित हो सके। पूरे निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, ग्रामीण आजीविका और किसान हित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए मैदानी स्तर पर सतत निगरानी, बेहतर समन्वय और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

About The Author