आज नवा रायपुर में प्रयास विद्यालयों की काउंसलिंग, पात्र विद्यार्थी दस्तावेजों के साथ पहुंचें

मोहला, 15 अक्टूबर 2026/sns/-छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री बाल भविष्य सुरक्षा योजनांतर्गत संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए चौथी ओपन काउंसलिंग 16 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी। यह प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर सुबह 10:30 बजे से शाम 5 बजे तक कार्यालय आयुक्त, आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास, इंद्रावती भवन, नवा रायपुर, अटल नगर के ब्लॉक-5, तृतीय तल, हॉल नंबर-4 में होगी। विभागीय सूचना के अनुसार, कुल 228 रिक्त सीटों पर प्रवेश का अवसर मिलेगा।
काउंसलिंग में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को कक्षा 8वीं में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण होने की अंकसूची सहित जाति प्रमाण पत्र, लागू होने पर विशेष श्रेणी के प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे। चयन के बाद पात्र विद्यार्थियों को दो दिनों के भीतर जिला शिक्षा अधिकारी से काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) और जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। प्रवेश संबंधी विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट https://eklavya.cg.nic.in/ पर देखी जा सकती है। रिक्त सीटों की संख्या में परिवर्तन संभव है।

About The Author