सेवा सेतु शिविरों ने गांव से शहर तक पहुंचाई जनकल्याणकारी सेवाएं
कोरबा, 15 अक्टूबर 2026/sns/- सरकारी योजनाओं का लाभ पाने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से कोरबा जिले में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 1 से 14 अक्टूबर तक ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविर आयोजित किए गए। जनपद पंचायतों के साथ नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत क्षेत्रों में लगे इन शिविरों में नागरिकों ने आवेदन दिए और विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर प्राप्त कीं।
शिविरों में राजस्व विभाग की ओर से ऋण पुस्तिका और किसान किताब का वितरण किया गया। पशु क्षति के मामलों में मुआवजा, प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को घरों की चाबियां, महिला स्व-सहायता समूहों को राशि तथा कृषि और समाज कल्याण विभाग की योजनाओं के माध्यम से हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस तरह शिविर लोगों की मांग और प्रशासनिक कार्रवाई के बीच सीधा संपर्क बने।