कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने राजस्व अधिकारियों की ली समीक्षा बैठक


अम्बिकापुर, 17 अक्टूबर 2026/sns/-
कलेक्टर श्री अजीत वसंत ने शनिवार को जिला  कलेक्टरेट सभाकक्ष में राजस्व विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक ली।उन्होंने तहसीलवार राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लंबित सभी राजस्व प्रकरणों के निराकरण में प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग अपने समय सीमा के  कार्यों में गंभीरता लाएं तथा आम नागरिकों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

कलेक्टर श्री वसंत ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख निर्माण कार्यों की तहसीलवार समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों, तहसीलदारों एवं संबंधित राजस्व अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाते हुए 3 सप्ताह में प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करते हुए लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण करें, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर अधिकार अभिलेख उपलब्ध कराए जा सकें।

कलेक्टर ने सभी तहसीलों के अविवादित नामांतरण एवं अविवादित बंटवारा के आवेदनों की समीक्षा करते हुए प्रकरणों के निराकरण में सभी तहसीलदारों को गम्भीरता से प्रगति लाने के निर्देश दिए।  बैठक में त्रुटि सुधार, नक्शा बटांकन, सीमांकन, नामांतरण, आधार सीडिंग, वृक्ष कटाई,  डिजिटल हस्ताक्षर, किसान किताब पत्र, जेंडर प्रविष्टि, डीसीएस सर्वे, कोटवारी भूमि, अतिक्रमण सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी आवेदन समय सीमा से बाहर नहीं होना चाहिए। सभी राजस्व अधिकारी इस बात का विशेष ध्यान रखें।

सीएम हेल्पलाइन के लंबित शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के दिए निर्देश-

बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों की समीक्षा की गई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर उनका समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रकरणों के निराकरण में गंभीरता से प्रगति लाएं,  लंबे समय से कोई भी प्रकरण लंबित ना रहे। राजस्व से संबंधित नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, भूमि संबंधी विवाद तथा अन्य राजस्व प्रकरणों से जुड़ी शिकायतों की स्थिति पर विशेष ध्यान दिए जाएं, रिकॉर्ड दुरुस्ती में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें, उन्होंने पॉजिटिव फीडबैक बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

About The Author