स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया www.Hellozy.in/Healthcare  का शुभारंभ, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई दिशा

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने किया www.Hellozy.in/Healthcare  का शुभारंभ, डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई दिशा

ऑनलाइन डॉक्टर परामर्श, वीडियो कंसल्टेशन, क्लिनिक अपॉइंटमेंट और डायग्नोस्टिक सेवाओं की सुविधा एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की पहल

रायपुर/एमसीबी प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अपने गृह ग्राम रतनपुर स्थित कार्यालय में डिजिटल स्वास्थ्य प्लेटफॉर्म ‘हैलो जी हेल्थकेयर’ (www.Hellozy.in/Healthcare ) का बटन दबाकर शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के डिजिटल भारत अभियान की भावना के अनुरूप तथा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक अधिक सुलभ, सुविधाजनक और प्रभावी ढंग से पहुंचाना है। इस डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से छत्तीसगढ़ सहित देशभर के नागरिक घर बैठे विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लेने, वीडियो कंसल्टेशन बुक करने, अस्पताल एवं क्लिनिक में उपचार के लिए अपॉइंटमेंट प्राप्त करने तथा अपने स्वास्थ्य संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

डिजिटल तकनीक से स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच होगी आसान: स्वास्थ्य मंत्री

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक स्वास्थ्य सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से मरीजों को चिकित्सकों से परामर्श लेने, उपचार के लिए अपॉइंटमेंट प्राप्त करने तथा आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी हासिल करने में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ और सुविधाजनक बनाने के लिए तकनीक आधारित नवाचारों को प्रोत्साहित करना समय की आवश्यकता है। इस प्रकार के प्रयासों से मरीजों के समय की बचत होने के साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं तक उनकी पहुंच बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध होंगी विभिन्न स्वास्थ्य सुविधाएं

www.Hellozy.in/Healthcare  को एक इंटीग्रेटेड केयर नेटवर्क के रूप में विकसित किया गया है, जिसका उद्देश्य मरीजों और चिकित्सकों को डिजिटल माध्यम से एक-दूसरे से जोड़ना है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए मरीज प्रमाणित चिकित्सकों से ऑनलाइन परामर्श प्राप्त करने, वीडियो कंसल्टेशन बुक करने तथा क्लिनिक में उपचार के लिए अपॉइंटमेंट निर्धारित करने जैसी सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। इसके अतिरिक्त दवाइयों के ऑर्डर और डायग्नोस्टिक सेवाओं तक पहुंच उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी प्लेटफार्म में शामिल की गई है।

मरीजों और चिकित्सकों के लिए अलग-अलग डिजिटल पोर्टल

प्लेटफॉर्म पर मरीजों के लिए अलग लॉगिन तथा चिकित्सकों के लिए स्वतंत्र पोर्टल की व्यवस्था की गई है। इससे मरीजों और डॉक्टरों के बीच डिजिटल माध्यम से संपर्क स्थापित करने तथा परामर्श एवं अपॉइंटमेंट की प्रक्रिया को सरल बनाने में सहायता मिलेगी। वेबसाइट पर 24 घंटे हेल्पलाइन और त्वरित टेली-कंसल्टेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी गई है।

दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी मिल सकता है लाभ

डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार से विशेष रूप से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने का अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है। ऑनलाइन परामर्श और डिजिटल अपॉइंटमेंट जैसी सुविधाओं के माध्यम से मरीज अपनी आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकों से संपर्क कर सकेंगे। इससे सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परामर्श के लिए अनावश्यक आवागमन कम करने तथा समय की बचत में भी सहायता मिल सकती है।
www.Hellozy.in/Healthcare का शुभारंभ स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल है। इस प्रकार के तकनीक आधारित प्रयासों से नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी, चिकित्सकीय परामर्श एवं अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने के अधिक विकल्प उपलब्ध हो सकेंगे।

About The Author